Allक्रिकेट

SA20: 7 रन पर गंवाए 5 विकेट, उसके बाद भी प्रिटोरिया कैपिटल्स ने 21 रन से जीत लिया मैच

जोबर्ग सुपरकिंग्स को 21 रन से हराकर प्लेऑफ में बनाई जगह

प्रिटोरिया कैपिटल्स ने सीजन की सबसे शानदार वापसी में से एक करते हुए जोबर्ग सुपर किंग्स को 21 रन से हराकर बड़ा उलटफेर किया। मुश्किल पिच पर कैपिटल्स की टीम एक समय सिर्फ 7 रन पर 5 विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन डेवॉल्ड ब्रेविस और शरफेन रदरफोर्ड की रिकॉर्ड साझेदारी ने मैच का रुख पूरी तरह पलट दिया।

बादलों की मौजूदगी में जोबर्ग सुपर किंग्स के तेज गेंदबाजों ने शुरू में कहर बरपाया। डैनियल वॉरल और वियान मुल्डर ने शुरुआती पांच ओवरों में ही कैपिटल्स के शीर्ष क्रम को ध्वस्त कर दिया। स्कोर 7/5 होने के बाद लग रहा था कि टीम बेहद कम स्कोर पर सिमट जाएगी।

इसके बाद ब्रेविस और रदरफोर्ड ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए छठे विकेट के लिए 74 गेंदों में 103 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की। इस साझेदारी की बदौलत प्रीटोरिया कैपिटल्स 143/6 तक पहुंचने में सफल रही। रदरफोर्ड ने नाबाद 74 रन बनाए, जबकि ब्रेविस ने 53 रनों की पारी खेली। ब्रेविस को शुरुआत में एक जीवनदान भी मिला, जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया।

143 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जोबर्ग सुपर किंग्स की पारी कभी भी लय में नहीं दिखी। डायन फॉरेस्टर ने जरूर नाबाद 44 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज संघर्ष करते रहे। कप्तान केशव महाराज ने मिडिल ओवर्स में शानदार गेंदबाजी करते हुए जेम्स विंस, मैथ्यू डी विलियर्स और वियान मुल्डर को आउट किया। इससे जोबर्ग का स्कोर 54/4 हो गया। इसके बाद टीम 68/6 तक फिसल गई।

स्थिति तब और बिगड़ गई जब कप्तान डोनोवन फरेरा कंधे की चोट के कारण रिटायर्ड हर्ट हो गए। आखिरी ओवर में लिज़ाड विलियम्स ने दो विकेट लेकर कुल तीन विकेट पूरे किए और प्रिटोरिया की जीत पक्की कर दी। इस हार के साथ जोबर्ग सुपर किंग्स प्लेऑफ में जगह पक्की करने का मौका गंवा बैठे। इस जीत के साथ ही प्रिटोरिया कैपिटल्स प्लेऑफ में पहुंच गई है।

Related Articles

Back to top button