Allअन्य खेल

Joshua VS Paul:टायसन को हराने वाले जैक पॉल को जोशुआ ने किया नॉकआउट

Joshua VS Paul Boxing Match:पूर्व दो बार के हेवीवेट विश्व चैंपियन एंथनी जोशुआ ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बॉक्सिंग में अनुभव और क्लास की अहमियत कभी कम नहीं होती। मियामी के कासेया सेंटर में शुक्रवार रात खेले गए बहुप्रतीक्षित प्रोफेशनल हेवीवेट मुकाबले में जोशुआ ने सोशल मीडिया स्टार से बॉक्सर बने जैक पॉल को छठे राउंड में नॉकआउट कर दिया। यह मुकाबला नेटफ्लिक्स पर लाइव प्रसारित हुआ, जिसे दुनिया भर में बड़ी संख्या में दर्शकों ने देखा। पिछले साल नवंबर में पॉल ने दिग्गज माइक टायसन को हराया था।

6 फुट 6 इंच लंबे 36 वर्षीय एंथनी जोशुआ ने मुकाबले में शुरू से ही दबदबा बनाए रखा। उम्र और अनुभव में काफी पीछे रहे 28 वर्षीय जैक पॉल को जोशुआ ने लगातार आक्रामक पंचों से बैकफुट पर रखा। मुकाबले के दौरान पॉल कई बार मैट पर गिरे और आखिरकार छठे राउंड में जोशुआ के दमदार राइट हैंड पंच ने उन्हें नॉकआउट कर दिया।

मैच के बाद जोशुआ ने कहा, “यह मेरी सर्वश्रेष्ठ परफॉर्मेंस नहीं थी, लेकिन मेरा मकसद साफ था। मुझे जैक पॉल को रोकना था, उसे दबाव में लाना था और चोट पहुंचानी थी। यही रणनीति थी और मैं उसी पर फोकस कर रहा था। इसमें थोड़ा वक्त लगा, लेकिन आखिरकार मेरा राइट हैंड सही जगह पर लगा।”

हालांकि आमतौर पर क्रूजरवेट में उतरने वाले जैक पॉल ने मुकाबले में साहस दिखाया और कई राउंड तक टिके रहे, लेकिन जोशुआ की ताकत और कद उनके लिए चुनौती साबित हुआ। मुकाबले के बाद पॉल ने खुद स्वीकार किया कि उनकी जबड़े की हड्डी टूट गई है। हार के बावजूद पॉल ने जोशुआ के अनुभव और पंचिंग पावर की तारीफ की।

इस जीत के साथ एंथनी जोशुआ का रिकॉर्ड 29 जीत और 4 हार (25 नॉकआउट) का हो गया है। यह जीत उनके लिए खास रही क्योंकि सितंबर 2024 में वे वेम्बली स्टेडियम में ब्रिटिश प्रतिद्वंद्वी डैनियल डुबोइस के हाथों नॉकआउट हार झेल चुके थे। दूसरी ओर, जेक पॉल का रिकॉर्ड अब 12 जीत और 2 हार (7 नॉकआउट) का हो गया है।

Related Articles

Back to top button