
RCB Beats GG: गौतमी नाइक की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने गुजरात जायंट्स को 61 रन से हराकर महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही आरसीबी ने टूर्नामेंट में टॉप-3 स्थान पक्का कर लिया और नॉकआउट चरण में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई।
अब तक अपराजित रही आरसीबी ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शुरुआती झटकों के बावजूद 178/6 का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दूसरे ओवर तक ग्रेेस हैरिस और जॉर्जिया वॉल के विकेट गिर चुके थे, जब स्कोर सिर्फ 9 रन था।
इसके बाद कप्तान स्मृति मंधाना (26) और गौतमी नाइक ने तीसरे विकेट के लिए 60 रन जोड़कर पारी को संभाला।मंधाना को एश्ले गार्डनर ने एलबीडब्ल्यू आउट किया, लेकिन नाइक ने ऋचा घोष (27) के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी कर आरसीबी को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। नाइक ने 55 गेंदों में 73 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 1 छक्का शामिल था। ऋचा घोष ने भी आक्रामक अंदाज में तीन छक्के लगाकर रन गति बढ़ाई। अंत में राधा यादव (17) की तेज़ पारी से आरसीबी 178 रन तक पहुंची।
लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात जायंट्स की शुरुआत बेहद खराब रही। सात ओवर में टीम ने 34 रन पर चार विकेट गंवा दिए। बेथ मूनी, सोफी डिवाइन, अनुष्का शर्मा और कनिका आहूजा जल्दी आउट हो गईं। इसके बाद कप्तान एश्ले गार्डनर (54) और भारती फुलमाली (14) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहीं। गुजरात की टीम 117/8 रन ही बना सकी।आरसीबी की ओर से सायली साठघरे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3/21 के आंकड़े दर्ज किए। उन्हें नाडीन डी क्लार्क (2/17) का अच्छा साथ मिला।






