Ranji Trophy : शुभमन गिल की रणजी ट्रॉफी में वापसी बेहद निराशाजनक रही। राजकोट में खेले जा रहे मैच में शुभमन गिल ने सौराष्ट्र के खिलाफ एलीट ग्रुप बी के मुकाबले में केवल दो ही गेंद खेली और बिना खाता खोले लौट गए। भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान गिल को लेफ्ट आर्म स्पिनर पार्थ भुट ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। गिल के लिए यह पारी बेहद निराशाजनक रही क्योंकि उनके पास हालिया औसत प्रदर्शन के सिलसिले को तोड़ने का अच्छा मौका था। टेस्ट, वनडे, टी20 और लिस्ट-ए प्रारूप में उनकी पिछली 10 पारियों में सिर्फ दो अर्धशतक आए हैं। गिल के अलावा पंजाब के अन्य बल्लेबाज भी स्पिनरों के सामने ज्यादा नहीं टिक सके।
भुट ने 33 रन देकर पांच विकेट लिये। उन्हें अनुभवी भारतीय स्पिनर रविंद्र जडेजा (48 रन पर दो विकेट) और धर्मेंद्र जडेजा (36 रन पर दो विकेट) का अच्छा साथ मिला जिससे पंजाब की पहली पारी 139 रन पर सिमट गयी। इससे पहले पंजाब ने सौराष्ट्र को 172 रन पर आउट किया था। पंजाब पहली पारी के बाद सौराष्ट्र से 33 रन पीछे हैं।
हैदराबाद vs मुंबई : हैदराबाद में खेले जा रहे मुंबई और हैदराबाद के बीच एलीट ग्रुप डी मुकाबले में सरफराज खान (नाबाद 103) के शानदार शतक और सिद्धेश लाड की 76 रनों की अहम पारी की बदौलत मुंबई ने तीन विकेट पर 265 रन बनाकर मजबूत स्थिति हासिल कर ली। मुंबई की शुरुआत 60 रनों की ओपनिंग साझेदारी के साथ हुई, लेकिन इसके बाद अगले 22 रनों के भीतर टीम ने तीन विकेट गंवा दिए। हैदराबाद के नए कप्तान मोहम्मद सिराज ने इन तीन में से एक विकेट अपने नाम किया।
दिन में कुल 70 ओवर ही फेंके जा सके, जिसमें सरफराज और लाड ने लगभग 40 ओवर तक क्रीज पर टिके रहकर चौथे विकेट के लिए नाबाद 183 रनों की साझेदारी निभाई। सरफराज ने आक्रामक लेकिन नियंत्रित अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए नौ चौके और चार छक्के लगाए। खेल समाप्त होने तक उनका स्ट्राइक रेट 83.74 रहा, जिससे मुंबई की पारी को तेजी और मजबूती दोनों मिली।
दिल्ली vs छत्तीसगढ़: बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के मैदान पर खेले जा रहे एलीट ग्रुप डी मुकाबले में दिल्ली के लिए आयुष दोसेजा (104) ने शतक जड़कर दिल्ली की लाज बचाई। दिल्ली के बल्लेबाजों के फ्लॉप शो के बाद दोसेजा ने 171 गेंदों में 104 रन की पारी खेली और दिल्ली को पहली पारी में 216 के स्कोर तक पहुंचाया।
दिल्ली के केवल चार ही बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छू सके। छत्तीसगढ़ के लिए देव आदित्य सिंह और शाहब खान ने तीन-तीन विकेट लिए। दिन का खेल खत्म होने तक छत्तीसगढ़ ने बिना विकेट खोए 52 रन बना लिए हैं और आयुष पांडे (29) और अनुज तिवारी (21) क्रीज पर टिके हैं।






