Norway Chess: भारतीय ग्रैंडमास्टर प्रज्ञानानंद ने किया टूर्नामेंट में खेलने का ऐलान

Norway Chesa: भारत के स्टार शतरंज खिलाड़ी आर. प्रज्ञानानंद ने नॉर्वे शतरंज 2026 में खेलने की पुष्टि कर दी है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 25 मई से 5 जून तक ओस्लो के डाइकमैन ब्योर्विका में आयोजित किया जाएगा। 2025 फिडे सर्किट जीतकर 2026 कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई करने वाले प्रज्ञानानंद लगातार विश्व शतरंज में अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं। प्रज्ञानानंद ने कहा, नॉर्वे शतरंज में फिर से खेलना मेरे लिए बेहद रोमांचक है। 2024 में यहां खेलना मुझे बहुत पसंद आया था। यह अब तक का सबसे रोमांचक प्रारूप रहा है।
एलीट शतरंज में प्रज्ञानानंद का सफर कई ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा रहा है। वह मात्र 12 वर्ष 10 महीने की उम्र में ग्रैंडमास्टर बने थे। इससे दो साल पहले उन्होंने सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल मास्टर बनने का रिकॉर्ड भी बनाया था।इसके बाद वह फिडे वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने, जिससे उन्हें 2024 कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालिफिकेशन मिला और अंतरराष्ट्रीय सर्किट पर उनकी प्रतिष्ठा और मजबूत हुई।
प्रज्ञानानंद ने 2022 में नॉर्वे शतरंज ओपन खिताब जीतकर पहली बार इस टूर्नामेंट में अपनी छाप छोड़ी थी। 2024 में उन्होंने दिग्गज मैग्नस कार्लसन के खिलाफ क्लासिकल मुकाबले में अपनी पहली जीत दर्ज की, जो उनके करियर का बड़ा ब्रेकथ्रू साबित हुआ।उसी साल वह भारतीय टीम का हिस्सा भी रहे, जिसने शतरंज ओलंपियाड में स्वर्ण पदक जीता। यह उपलब्धि भारतीय शतरंज इतिहास के सबसे सफल अध्यायों में गिनी जाती है।






