
Sindu lost in first round: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू को इंडिया ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पहले दौर में चौंकाने वाली हार का सामना करना पड़ा, जबकि किदांबी श्रीकांत ने शानदार वापसी करते हुए दूसरे दौर में जगह बना ली। यह मुकाबले बुधवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम में खेले गए। पिछले सप्ताह मलेशिया सुपर 1000 के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली सिंधू ने पहले गेम में वियतनाम की थुई लिन्ह गुयेन को कड़ी टक्कर दी और 22-20 से बढ़त बनाई। हालांकि इसके बाद वह लय बरकरार नहीं रख सकीं और 68 मिनट चले मुकाबले में 12-21, 15-21 से हार गईं।
पुरुष सिंगल्स में पूर्व विश्व नंबर एक किदांबी श्रीकांत ने भारतीय खिलाड़ी तरुण मन्नेपल्ली के खिलाफ संघर्षपूर्ण जीत दर्ज की। श्रीकांत पहला गेम 15-21 से हार गए थे, लेकिन उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए अगले दो गेम 21-6 और 21-19 से जीतकर मैच अपने नाम किया।
महिला सिंगल्स में चोट से वापसी कर रहीं मालविका बंसोड़ ने धैर्यपूर्ण खेल दिखाते हुए चाइनीज ताइपे की पाई यू पो को 21-18, 21-19 से हराया। महिला डबल्स में त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने थाईलैंड की जोड़ी ओरनिचा जोंगसाथापोर्नपार्न और सुकिट्टा सुवाचाई को 21-15, 21-11 से हराकर शानदार शुरुआत की। यह जोड़ी अब चीन की सातवीं वरीयता प्राप्त ली यी जिंग और लुओ सू मिन से भिड़ेगी।
हालांकि, मिक्सड डबल्स में भारत को निराशा हाथ लगी। ध्रुव कपिला-तनिषा क्रास्टो, रोहन कपूर-रुथविका गड्डे और आशीष सूर्य-अम्रुथा प्रमुथेश की जोड़ियां पहले दौर में बाहर हो गईं।





