Allअन्य खेल

Tata Steel chess : डिफेंडिंग चैंपियन प्रज्ञानानंदा की लगातार दूसरी हार, गुकेश ने फिर खेला ड्रॉ

Tata Steel Masters Chess : नीदरलैंड्स के शहर विज्क आन जी में खेले जा रहे टाटा स्टील मास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट में डिफेंडिंग चैंपियन आर प्रज्ञानानंदा का निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा। पहले दौर में हमवतन अर्जुन ऐरिगेसी से हार के बाद रविवार को दूसरी बाजी में प्रज्ञानानंदा को उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव से हार झेलनी पड़ी। वहीं, मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश को नीदरलैंड्स के जॉर्डन वान फोरेस्ट ने कड़े मुकाबले में ड्रॉ पर रोक दिया।

2025 के अधिकांश हिस्से में शानदार फॉर्म में रहने वाले प्रज्ञानानंदा इस टूर्नामेंट में लय हासिल नहीं कर पाए हैं। एक ड्रॉ की ओर बढ़ रहा एंडगेम उनकी गलती के कारण हार में बदल गया।

प्रज्ञानानंदा ने क्वीन गैंबिट डिक्लाइंड खेलते हुए शुरुआती दौर में बराबरी बनाई थी, लेकिन 31वीं चाल पर गलती के बाद एंडगेम में पिछड़ गए। जानकारों के अनुसार, यह मुकाबला ड्रॉ हो सकता था, लेकिन वह 60वीं चाल पर हार मानने को मजबूर हुए।

जर्मनी के विंसेंट कीमर को हराकर स्लोवेनिया के व्लादिमीर फेडोसेव ने शुरुआती हार के बाद शानदार वापसी की।

टूर्नामेंट में अब मुकाबले और रोमांचक होने की उम्मीद है, खासकर भारतीय खिलाड़ियों की संभावित वापसी पर सभी की नजरें टिकी हैं।

शुरुआती दो मुकाबलों में शून्य अंक के साथ वह तालिका में सबसे नीचे हैं और अब बाकी 11 राउंड में उन्हें जोरदार वापसी करनी होगी।

गुकैश ने अपनी दूसरी ड्रॉ के साथ कुल अंक एक कर लिया। उन्होंने सफेद मोहरों से दबाव बनाया, लेकिन वान फोरेस्ट ने सटीक बचाव करते हुए मुकाबला बराबरी पर खत्म किया। एक जटिल मिडिल गेम में गुकेश ने स्थायी चेक हासिल करने के लिए ऊंट की कुर्बानी भी दी।

वहीं अर्जुन एरिगेसी ने चेक गणराज्य के थाई दाई वान गुयेन के खिलाफ जीत की कोशिश की, लेकिन मुकाबला ड्रॉ रहा। इसके बावजूद अर्जुन 1.5 अंकों के साथ अमेरिका के हांस मोक नीमन और अब्दुसत्तोरोव के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर बने हुए हैं।

चौथे भारतीय खिलाड़ी अरविंद चिदंबरम ने तुर्की के यागिज कान एरदोगमस के खिलाफ ड्रॉ खेलकर अपने दो मैचों से एक अंक हासिल किया।

तीन खिलाड़ी शीर्ष पर हैं, जबकि नौ खिलाड़ी उनसे आधा अंक पीछे हैं। स्थानीय स्टार अनिश गिरी 0.5 अंक के साथ 13वें स्थान पर हैं, प्रज्ञानानंदा उनसे भी नीचे हैं।

Related Articles

Back to top button