Allटेनिस

United Cup: स्विट्जरलैंड को हराकर पोलैंड बना चैंपियन, हुर्काज बने जीत के हीरो

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में खेले गए यूनाइटेड कप के फाइनल में पोलैंड ने स्विट्ज़रलैंड को कड़े मुकाबले में हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के नायक रहे हुबर्ट हुर्काज, जिन्होंने घुटने की सर्जरी के बाद सात महीने के लंबे ब्रेक से शानदार वापसी करते हुए निर्णायक भूमिका निभाई। पूर्व विश्व नंबर छह हुर्काज ने स्टैन वावरिंका को 6-3, 3-6, 6-3 से हराकर पोलैंड को मुकाबले में बनाए रखा।

इससे पहले महिला सिंगल्स में पोलैंड की स्टार खिलाड़ी इगा स्वियातेक को बेलिंडा बेनचिच से 3-6, 6-0, 6-3 से हार का सामना करना पड़ा था। बेनचिच पूरे टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में रहीं और उन्होंने अपने सभी पांच एकल मुकाबले जीते।

खिताब का फैसला मिक्स्ड डबल्स मुकाबले में हुआ, जहां जान जिलिंस्की और कैटर्जिना कावा की जोड़ी ने स्विट्जरलैंड के याकुब पॉल और बेलिंडा बेनचिच को 6-4, 6-3 से हराकर पोलैंड को चैंपियन बना दिया। यह जिलिंस्की और कावा की टूर्नामेंट में पांचवीं मिक्स्ड डबल्स जीत थी।

स्विस जोड़ी इससे पहले टूर्नामेंट में अजेय रही थी और बेनचिच व्यक्तिगत रूप से 10-0 का परफेक्ट रिकॉर्ड बनाना चाहती थीं, लेकिन पोलैंड की जोड़ी ने उनका यह सपना तोड़ दिया। हालांकि हार के बावजूद बेनचिच को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए यूनाइटेड कप फाइनल्स की मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) चुना गया।

पोलैंड की इस जीत ने पिछले दो वर्षों के फाइनल में मिली निराशाओं का बदला पूरा किया और हुरकाच की भावनात्मक वापसी ने इस जीत को और भी खास बना दिया।

Related Articles

Back to top button