Allअन्य खेल

Norway Chess: मई में होने वाले टूर्नामेंट में खेलेंगे विश्व चैंपियन डी गुकेश, मैग्नस कार्लसन भी होंगे चुनौती पेश

Norway Chess: विश्व चैंपियन और भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश मई में होने वाले प्रतिष्ठित नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे। आयोजकों ने इसकी पुष्टि की है। 25 मई से 5 जून तक चलने वाला यह टूर्नामेंट इस बार अपने पारंपरिक आयोजन स्थल स्टावेंगर से हटकर नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में खेला जाएगा।

18 वर्ष की उम्र में विश्व खिताब जीतकर इतिहास रचने वाले गुकेश ओस्लो में सबसे कम उम्र के निर्विवाद विश्व चैंपियन के रूप में उतरेंगे। उन्होंने पिछले साल इस टूर्नामेंट के ओपन वर्ग में तीसरा स्थान हासिल किया था। गुकेश ने कहा, “मैं एक बार फिर नॉर्वे शतरंज में खेलने को लेकर बेहद उत्साहित हूं। यहां हमेशा मजबूत खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं और रोमांचक मुकाबले देखने को मिलते हैं।”

गुकेश का करियर तेजी से ऊंचाइयों तक पहुंचा है। वर्ष 2024 में उन्होंने कैंडिडेट्स टूर्नामेंट जीतने के बाद तत्कालीन विश्व चैंपियन डिंग लिरेन को हराकर विश्व खिताब अपने नाम किया था। इसके अलावा वह 2750 रेटिंग पार करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने और 12 वर्ष की उम्र में ग्रैंडमास्टर बनने वाले इतिहास के तीसरे सबसे कम उम्र के खिलाड़ी रहे।

नॉर्वे शतरंज गुकेश के करियर में पहले भी यादगार पल दे चुका है। 2025 संस्करण में उन्होंने तीसरा स्थान हासिल किया था और इसी टूर्नामेंट में मैग्नस कार्लसन के खिलाफ क्लासिकल शतरंज में अपनी पहली जीत दर्ज की थी, जो काफी चर्चा में रही। इस टूर्नामेंट में विश्व नंबर एक और गत विजेता मैग्नस कार्लसन भी खेलेंगे। वह पिछले 13 वर्षों से अपने घरेलू टूर्नामेंट में लगातार हिस्सा ले रहे हैं और सात बार खिताब जीत चुके हैं।

भारत के आर प्रज्ञाननंदा भी प्रतियोगिता में नजर आएंगे। महिला वर्ग में भारतीय ग्रैंडमास्टर और विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख पहली बार नॉर्वे चेस में खेलेंगी। अब तक कोई भी भारतीय खिलाड़ी इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का खिताब नहीं जीत पाया है।

Related Articles

Back to top button