
Kyrgios vs Sabalenka : निक किर्गियोस (Nick Kyrgios)ने दुबई में खेले गए बहुचर्चित बैटल ऑफ द सेक्सेस (Battle of Sexes) प्रदर्शनी मुकाबले में विश्व नंबर एक महिला खिलाड़ी एरिना सबालेंका (Aryna Sabalenka) को 6-3, 6-3 से हराया। हालांकि स्कोरलाइन एकतरफा रही, लेकिन यह मुकाबला प्रतिस्पर्धा से ज्यादा दर्शकों के मनोरंजन और खिलाड़ियों की शोमैनशिप के लिए याद किया जाएगा।
कोकाकोला एरीना में खेले गए इस मुकाबले में करीब 17,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता है। इस प्रदर्शनी मैच को लैंगिक समानता का प्रतीक बनाने के बजाय हल्के-फुल्के मनोरंजन के रूप में पेश किया गया। दर्शकों ने इसके लिए मोटी रकम चुकाई और कुछ टिकटों की कीमत 800 डॉलर तक थी और बदले में उन्हें हंसी, मजाक और अलग अंदाज का टेनिस देखने को मिला।

मैच के दौरान किर्गियोस और सबालेंका दोनों ही बेहद खुश नजर आए। वे अक्सर दर्शकों से बातचीत करते दिखे और एक-दूसरे के साथ हंसी-ठिठोली भी करते रहे। किर्गियोस ने अंडर आर्म सर्विस का सहारा लिया, जबकि सबालेंका ने टाइमआउट के दौरान डांस कर दर्शकों का दिल जीत लिया।
मुकाबले को संतुलित बनाने के लिए कुछ खास नियम भी लागू किए गए—दो सर्विस की जगह केवल एक सर्विस की अनुमति थी और सबालेंका के कोर्ट का हिस्सा लगभग 10 प्रतिशत छोटा रखा गया।
‘बैटल ऑफ द सेक्सेस’ नाम 1973 में बिली जीन किंग और बॉबी रिग्स के ऐतिहासिक मुकाबले से जुड़ा है। भले ही यह आधुनिक संस्करण इतिहास न रच सका, लेकिन मनोरंजन के मोर्चे पर यह पूरी तरह सफल रहा।






