
Sidhu and Srikant storm into second round: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू और पूर्व विश्व नंबर एक किदांबी श्रीकांत ने अपने-अपने शुरुआती मुकाबले जीतकर इंडोनेशिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे राउंड में जगह बना ली है। हालांकि अन्य भारतीय खिलाड़ियों के लिए यह दिन निराशाजनक रहा और कई को पहले ही दौर में हार का सामना करना पड़ा।
महिला सिंगल्स में पांचवीं वरीयता प्राप्त पीवी सिंधू ने जापान की मनामी सुइजू को कड़े मुकाबले में 22-20, 21-18 से हराया। 53 मिनट तक चले इस मैच में सिंधू ने निर्णायक पलों में संयम और अनुभव का शानदार प्रदर्शन किया। दोनों गेम में मुकाबला बराबरी का रहा, लेकिन अहम अंकों पर सिंधू ने बाज़ी मार ली।
पुरुष सिंगल्स में श्रीकांत ने रोमांचक मुकाबले में जापान के कोकी वातानाबे को 21-15, 21-23, 24-22 से हराया। यह मैच एक घंटे 12 मिनट तक चला, जिसमें श्रीकांत ने तीसरे गेम में जबरदस्त जुझारूपन दिखाया और कई मैच प्वाइंट बचाकर जीत दर्ज की। अब श्रीकांत का सामना चीनी ताइपे के चौथी वरीयता प्राप्त चोउ तियेन चेन से होगा, जिन्होंने आयरलैंड के एन गुयेन को सीधे गेम में हराया।
हालांकि अन्य भारतीय खिलाड़ियों को पहले दौर में ही बाहर होना पड़ा। किरण जॉर्ज को इंडोनेशिया के जाकी उबेदिल्लाह से 17-21, 14-21 से हार मिली। महिला सिंगल्स में आकर्षि कश्यप भी डेनमार्क की जूली डावाल जाकोबसेन से 21-8, 20-22, 17-21 से पराजित हो गईं।
मिक्स्ड डबल्स में भी भारत की चुनौती समाप्त हो गई। रोहन कपूर और रूत्विका गाडे की जोड़ी को फ्रांस के थॉम गिकुल और डेल्फाइन डेलरू ने 21-9, 22-20 से हराया। वहीं ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो को जूलियन मेइयो और ली पालेरमो की फ्रांसीसी जोड़ी से 21-23, 22-20, 21-6 से हार झेलनी पड़ी।





