
India vs Newzealand: भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार विराट कोहली ने एक बार फिर अपने नाम एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज कर ली है। कोहली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 28,000 रन पूरे कर लिए हैं और ऐसा करने वाले वह दुनिया के सबसे तेज बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह मुकाम महज 624 पारियों में हासिल किया, जिससे उन्होंने सचिन तेंदुलकर (644 पारियां) और कुमार संगकारा (666 पारियां) जैसे दिग्गजों का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
यह खास उपलब्धि विराट ने अपनी पारी के 13वें ओवर में हासिल की, जब उन्होंने आदित्य आशिक की गेंद पर चुका लगाकर 27वां रन पूरा किया। जैसे ही गेंद बाउंड्री से टकराई, क्रिकेट इतिहास में एक और सुनहरा अध्याय जुड़ गया। स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ इस पल का स्वागत किया।कोहली का यह सफर सिर्फ आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उनकी निरंतरता, फिटनेस और मानसिक मजबूती का प्रमाण भी है।
विराट ने टेस्ट, वनडे और टी20 – तीनों फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए रन बनाए हैं और हर परिस्थिति में टीम के लिए भरोसेमंद खिलाड़ी साबित हुए हैं। जहां सचिन और संगकारा ने यह आंकड़ा अधिक पारियों में छुआ, वहीं कोहली की आक्रामक शैली, तेज़ स्ट्राइक रेट और बड़े मैचों में प्रदर्शन उन्हें अलग बनाता है।
खास बात यह है कि कोहली ने यह रिकॉर्ड ऐसे दौर में बनाया है, जहां गेंदबाजों के पास ज्यादा विविधता और डेटा एनालिसिस की मदद होती है। 28,000 रन का यह पड़ाव कोहली के करियर की एक और ऊंचाई है। आने वाले समय में उनसे और भी नए कीर्तिमान बनाने की उम्मीद की जा रही है।






