
भारत के ऊंची कूद (हाई जंप) एथलीट तेजस्विन शंकर ने शनिवार को अमेरिका के मैनहेटन में डेलोस डोड्स इन्विटेशनल चैंपियनशिप में पेरिस ओलंपिक के सिल्वर मेडलिस्ट शेल्बी मैकइवन को चौंकाते हुए गोल्ड मेडल जीता। तेजस्विन ने फाइनल में 2.26 मीटर की सर्वश्रेष्ठ कूद के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि अमेरिका के मैकइवन केवल 2.22 मीटर की सर्वश्रेष्ठ जंप लगा पाए थे। शंकर का निजी सर्वश्रेष्ठ 2.29 मीटर है, जो उन्होंने 2018 में बनाया था।
यह प्रदर्शन तेजस्विन का पिछले तीन वर्षों का सर्वश्रेष्ठ कूद भी रही। इससे पहले उन्होंने 2023 में बोस्टन में हुए इंडोर ग्रां प्री में 2.26 मीटर की छलांग लगाई थी।कॉमनवेल्थ गेम्स के कांस्य पदक विजेता तेजस्विन ने प्रतियोगिता की शुरुआत 2.05 मीटर की सफल छलांग से की। इसके बाद उन्होंने दूसरे प्रयास में 2.10 मीटर पार किया। तेजस्विन ने क्रमशः 2.14 मीटर, 2.18 मीटर और 2.22 मीटर की ऊंचाइयों को भी सफलतापूर्वक पार किया, जिसके बाद उन्होंने विजयी छलांग लगाई।





