Hockey India league: लीग की उलटी गितनी शुरू, जोश के साथ तैयारी में जुटी एसजी पाइपर्स की टीम

Hockey India league: हीरो हॉकी इंडिया लीग 2025–26 की उलटी गिनती शुरू होते ही एसजी पाइपर्स की महिला टीम रांची में नए जोश और स्पष्ट उद्देश्य के साथ मैदान पर उतर चुकी है। लीग 28 दिसंबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक रांची में खेली जाएगी।
मुख्य कोच सोफी गीर्ट्स सीजन से पहले रांची में टीम से जुड़ चुकी हैं, जिन्हें भारतीय हॉकी की दिग्गज और पूर्व भारतीय कप्तान हेलेन मैरी का सहयोग मिलेगा। ऐसे समय में उनकी मौजूदगी टीम में स्पष्टता और संरचना लेकर आई है, जब हर छोटा अंतर निर्णायक साबित हो सकता है और लय बनाए रखना बेहद अहम होगा।
पाइपर्स की टीम हालिया अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन से मिली मजबूत फॉर्म के साथ लीग में उतर रही है। कप्तान नवनीत कौर टीम का नेतृत्व कर रही हैं, जिन्होंने 2025 में 200 अंतरराष्ट्रीय मैचों का ऐतिहासिक आंकड़ा पार किया, जिससे भारतीय हॉकी की सबसे अनुभवी फॉरवर्ड्स में उनकी स्थिति और मजबूत हुई है। रक्षा पंक्ति में उदिता अपने करियर के सबसे शानदार सीज़नों में से एक के बाद डिफेंस की कमान संभाले हुए हैं। महिला एशिया कप 2025 में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुनी गईं उदिता ने मजबूत रक्षात्मक प्रदर्शन के साथ आक्रामक योगदान भी दिया, पेनाल्टी कॉर्नर से तीन गोल दागते हुए और शीर्ष विरोधियों के खिलाफ अहम रक्षात्मक जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया।
रांची में टीम से जुड़ने के बाद मुख्य कोच सोफी ने कहा कि इस प्रतिभाशाली समूह का हिस्सा बनकर मैदान पर होना बेहद अच्छा लग रहा है, खासकर रांची जैसे हॉकी-प्रेमी शहर में। टीम संतुलित है और हर खिलाड़ी शुरुआत के लिए उत्साहित है। हमारे पास अलग-अलग देशों की खिलाड़ियों का बेहतरीन मिश्रण है, और यही विविधता हमारी सबसे बड़ी ताकत होगी।
कप्तान नवनीत ने कहा, सीजन की तैयारी सकारात्मक रही है और टीम का आत्मविश्वास काफी ऊंचा है। हम आने वाली चुनौती को लेकर उत्साहित हैं।”





