Allक्रिकेट

Ashes Series: जैकब बेथेल के शतक के बाद भी इंग्लैंड पर सिडनी में हार का खतरा

Aus vs Eng fifth test : सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (एससीजी) पर खेले जा रहे एशेज सीरीज के पांचवें और अंतिम टेस्ट मैच के चौथे दिन बुधवार को इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल ने अपना पहला टेस्ट शतक जड़ा, लेकिन उनकी यह साहसिक पारी भी इंग्लैंड पर मंडरा रहे हार के खतरे को टाल नहीं पाएगी। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने दूसरी पारी में आठ विकेट गंवाकर 308 रन बनाए और उसकी बढ़त महज 119 रन की है। बेथेल 142 रन बनाकर अब भी क्रीज पर टिके हैं। उनका साथ देने के लिए मैथ्यू पॉट्स (00) हैं।

ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 567 रन बनाकर इंग्लैंड पर 183 रन की बढ़त ले ली थी। ऑस्ट्रेलिया ने दिन की शुरुआत 518/7 से की और ब्यू वेबस्टर (71)ने अर्धशतक पूरा करते हुए स्टीव स्मिथ (138) के साथ 100 रन की साझेदारी निभाई। इंग्लैंड के लिए चिंता तब और बढ़ गई जब कप्तान बेन स्टोक्स गेंदबाजी के दौरान दाहिने एडडक्टर में खिंचाव के कारण मैदान छोड़कर बाहर चले गए।

ऑस्ट्रेलिया की पारी का पतन जोश टंग द्वारा स्मिथ को आउट करने के साथ शुरू हुआ। इसके बाद मिचेल स्टार्क और स्कॉट बोलैंड भी जल्दी लौटे और ऑस्ट्रेलिया 567 पर सिमट गया।

इंग्लैंड की दूसरी पारी की शुरुआत भी निराशाजनक रही जब मिचेल स्टार्क ने पहले ओवर में ही जैक क्राउली को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। हालांकि इसके बाद बेन डकेट (42) और बेथेल ने 81 रन की आक्रामक साझेदारी कर पलटवार किया। लंच के बाद डकेट आउट हो गए और जो रूट दूसरी पारी में संघर्ष करते दिखे। रूट 6 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू आउट हुए। दूसरी ओर बेथेल आत्मविश्वास से खेलते रहे और हैरी ब्रूक (42) के साथ मिलकर इंग्लैंड को संभाला। बेटेल ने शानदार चौके के साथ अपना पहला टेस्ट शतक पूरा किया।

जब इंग्लैंड नियंत्रण में दिख रहा था, तब वेबस्टर ने ब्रूक और उसके बाद आए बल्लेबाज़ों को आउट कर मैच का रुख फिर मोड़ दिया । जैम स्मिथ (26) रनआउट हुए, जबकि चोटिल स्टोक्स भी ज्यादा देर टिक नहीं सके। 219/3 से इंग्लैंड 267/7 पर फिसल गया। दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड 300 के पार जरूर पहुंच गया, लेकिन अंतिम ओवरों में बोलैंड ने बेटेल को लगातार परेशान कर इंग्लैंड की बेचैनी को उजागर किया।

Related Articles

Back to top button