
Bcb refused to send their team for T-20 World Cup: बांग्लादेश ने भारत में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए अपनी राष्ट्रीय क्रिकेट टीम भेजने से गुरुवार को साफ इनकार कर दिया। इसके साथ ही टूर्नामेंट में उसकी जगह स्कॉटलैंड के शामिल होने का रास्ता साफ हो गया है। यह फैसला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) द्वारा बांग्लादेश की मैचों के स्थल बदलने की मांग को खारिज किए जाने के बाद आया।
आईसीसी ने बुधवार को बांग्लादेश को अंतिम चेतावनी दी थी कि या तो वह भारत में खेलने के लिए सहमत हो या फिर उसकी जगह किसी अन्य टीम को टूर्नामेंट में शामिल किया जाएगा। विश्व संस्था का कहना था कि भारत में बांग्लादेशी खिलाड़ियों, अधिकारियों और प्रशंसकों की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस खतरा नहीं है।
बांग्लादेश को गुरुवार तक अपना फैसला बताने का समय दिया गया था। लेकिन कड़ा रुख अपनाते हुए बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने टीम के खिलाड़ियों के साथ बैठक के बाद घोषणा की कि आईसीसी का फैसला उन्हें स्वीकार नहीं है।
नजरुल ने कहा, हमारे क्रिकेटरों ने विश्व कप के लिए क्वालिफाई करने के लिए कड़ी मेहनत की है, लेकिन भारत में खेलने को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंताएं अब भी बनी हुई हैं। यह चिंता किसी काल्पनिक विश्लेषण पर आधारित नहीं है।”उन्होंने आगे कहा,“हम अब भी उम्मीद नहीं छोड़ रहे हैं। हमारी टीम पूरी तरह तैयार है। हमें उम्मीद है कि आईसीसी हमारे वास्तविक सुरक्षा जोखिमों पर विचार करेगा और हमें श्रीलंका में खेलने की अनुमति देकर न्याय करेगा।
बांग्लादेश को भारत में चार मैच खेलने थे, तीन कोलकाता में और एक मुंबई में। सुरक्षा को लेकर यह विवाद तब और गहराया जब तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को भारतीय क्रिकेट बोर्ड के निर्देशों पर चारों ओर हो रहे घटनाक्रमों का हवाला देते हुए इंडियन प्रीमियर लीग से बाहर कर दिया गया था।आईसीसी की सख्त चेतावनी और बांग्लादेश के फैसले के बाद अब टूर्नामेंट में स्कॉटलैंड की एंट्री लगभग तय मानी जा रही है।






