
India vs New Zealand 4th T20:विशाखापत्तनम में बुधवार को खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में भारत के हाथ से फिसल चुके मैच को शिवम दुबे ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से कुछ देर के लिए रोमांचक जरूर बना दिया, लेकिन अंततः न्यूजीलैंड ने 50 रन से जीत दर्ज कर ली। 216 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 20 ओवर में 165 रन ही बना सकी।
भारत की हार के बीच शिवम दुबे की पारी सबसे बड़ी सकारात्मक रही। 82 रन पर पांच विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही टीम के लिए दुबे ने केवल 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ते हुए जीत की उम्मीदों को जिंदा किया। हालांकि दुर्भाग्य से वह रनआउट हो गए और उनकी विदाई के साथ ही भारत की जीत की संभावनाएं भी खत्म हो गईं। दुबे ने 23 गेंदों में 65 रन की पारी खेली, जिसमें सात छक्के और तीन चौके शामिल थे।
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। अभिषेक शर्मा पहली ही गेंद पर आउट हो गए, जबकि सूर्यकुमार यादव, संजू सैमसन और हार्दिक पांड्या भी प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। 63 रन तक भारत के चार विकेट गिर चुके थे और मैच लगभग हाथ से निकल चुका था। ऐसे समय में क्रीज पर आए शिवम दुबे ने रिंकू सिंह (39) के साथ पारी को संभाला।
हालांकि 11वें ओवर में रिंकू के आउट होने के बाद भी दुबे ने हार नहीं मानी। उन्होंने ईश सोढ़ी के एक ओवर में तीन छक्के और दो चौके जड़ते हुए 28 रन बटोर दिए। 12 गेंदों में 40 रन बना चुके दुबे ने अगली कुछ गेंदों पर छक्का-चौका लगाकर भारत की ओर से टी20 में तीसरा सबसे तेज अर्धशतक पूरा किया। जब तक वह क्रीज पर थे, रन बरसते रहे, लेकिन 15वें ओवर की अंतिम गेंद पर रनआउट ने स्टेडियम को खामोश कर दिया।
इससे पहले न्यूजीलैंड के लिए ओपनर टिम साइफर्ट ने शानदार अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 36 गेंदों में 62 रन बनाए, जिसमें सात चौके और तीन छक्के शामिल थे। उनके साथ डेवोन कॉनवे (44) ने 100 रन की ओपनिंग साझेदारी निभाई। न्यूजीलैंड ने पावरप्ले में बिना विकेट गंवाए 71 रन बनाए और मजबूत स्कोर खड़ा किया।यह भारत में न्यूजीलैंड का टी20 में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी रहा।






