
IPL 2026 : आईपीएल 2026 में चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और 2008 की विजेता राजस्थान रॉयल्स अपने-अपने पारंपरिक घरेलू मैदानों से हटकर नए ठिकानों पर खेलती नजर आएंगी। राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम की जगह पुणे के एमसीए स्टेडियम को अपना मुख्य घरेलू मैदान चुना है।
राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) में लंबे समय से जारी खींचतान के चलते फ्रेंचाइजी प्रबंधन ने यह फैसला लिया है। जानकारी के अनुसार, राजस्थान रॉयल्स और महाराष्ट्र क्रिकेट संघ के बीच बातचीत लगभग अंतिम चरण में है। अब तक राजस्थान रॉयल्स हर सीजन में अपने आठ घरेलू मैचों में से दो गुवाहाटी और छह जयपुर में खेलती रही है, लेकिन इस बार वह अपने छह घरेलू मुकाबले पुणे में खेलेगी। एमसीए स्टेडियम पहले भी पुणे वॉरियर्स, राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपरकिंग्स जैसे फ्रेंचाइजियों के मैचों की मेजबानी कर चुका है।
उधर, आरसीबी को भी अपने लिए नया घरेलू मैदान तलाशना पड़ सकता है। पिछले सीजन खिताब जीतने के बाद बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में जश्न के दौरान हुई भगदड़ के बाद हालात बदल गए हैं। इसके चलते महिला वनडे विश्व कप और विजय हजारे ट्रॉफी के मुकाबलों की मेजबानी चिन्नास्वामी से हटा ली गई थी। विजय हजारे ट्रॉफी के मैचों को बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में शिफ्ट कर दिया गया।
इन परिस्थितियों को देखते हुए माना जा रहा है कि कर्नाटक सरकार से आईपीएल मैचों के लिए अनुमति मिलना आरसीबी के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि आरसीबी अपने नए घरेलू मैदान के तौर पर किस स्टेडियम को चुनती है।






