
AUS vs ENG Ashes Test 2025: क्रिकेट के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित प्रतिद्वंद्विता ‘एशेज’ (The Ashes) में इंग्लैंड का ग्राफ ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर लगातार गिरता जा रहा है। आंकड़ों की गहराई में जाएं तो यह तथ्य डराने वाला है कि इंग्लैंड ने पिछली बार ऑस्ट्रेलिया में कोई टेस्ट मैच जनवरी 2011 में जीता था। तब से लेकर आज तक 5,462 दिन बीत चुके हैं, लेकिन इंग्लिश टीम के नसीब में एक अदद जीत नहीं आई है।
2011 की उस ऐतिहासिक जीत के बाद से इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया का कई बार दौरा किया, लेकिन परिणाम हमेशा शर्मनाक रहे। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया ने घरेलू मैदान पर इंग्लैंड को 5-0, 4-0 और 4-0 के भारी अंतर से सीरीज में शिकस्त दी है।
मौजूदा सीरीज: 3-0 से पिछड़ा इंग्लैंड
वर्तमान एशेज सीरीज में भी कहानी नहीं बदली है। ऑस्ट्रेलिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शुरुआती तीन मुकाबले जीतकर 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है। इंग्लैंड की ‘बैज़बॉल’ (Bazball) रणनीति कंगारू गेंदबाजों के सामने पूरी तरह विफल साबित हुई है। स्टीव स्मिथ और पैट कमिंस की अगुवाई में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने हर विभाग में इंग्लैंड को बौना साबित किया है।
बॉक्सिंग डे और सिडनी टेस्ट पर नजरें
अब सीरीज का कारवां मेलबर्न और सिडनी की ओर बढ़ रहा है:
- बॉक्सिंग डे टेस्ट (Boxing Day Test): यह मुकाबला 26 दिसंबर से मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में शुरू होगा। इंग्लैंड के लिए यह अपनी साख बचाने का आखिरी मौका है। लाखों दर्शकों के बीच होने वाला यह मैच मानसिक मजबूती की परीक्षा होगा।
- सिडनी टेस्ट (Sydney Test): सीरीज का पांचवां और अंतिम टेस्ट मैच नए साल में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) में खेला जाएगा।
प्रशंसक उम्मीद कर रहे हैं कि इंग्लैंड कम से कम एक मैच जीतकर अपने 14 साल के सूखे को खत्म करे, वरना यह दौरा एक और ‘वाइटवॉश’ (Whitewash) की ओर बढ़ रहा है।






