Coco Gauff, Medvedev storm into second Round: ऑस्ट्रेलियन ओपन के दूसरे दिन सोमवार को अमेरिकी टेनिस स्टार कोको गॉफ, जेसिका पेगुला और अमांडा अमिनिसोवा ने आसान जीत के साथ दूसरे दौर में जगह बनाईं, तो पुरुष सिंगल्स में दानिल मेदवेदेव और ऑस्ट्रेलिया के एलेक्स डि मिनौर ने भी पहले मैच में आसान जीत दर्ज की। कनाडा के सातवीं वरीयता प्राप्त फेलिक्स औगर अलियासिमे ने पुर्तगाल के नूनो बोर्गेस के खिलाफ अपना मैच बीच में ही छोड़ दिया। दो घंटे से कुछ अधिक समय तक चले इस मैच में तब बोर्गेस 3-6, 6-4, 6-4 से आगे चल रहे थे।
तीसरी वरीयता प्राप्त कोको गॉफ को अपनी सर्विस पर कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन फिर भी उन्होंने कामिला रखिमोवा को सीधे सेटों में 6-2, 6-3 से हराया। गॉफ ने दो ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं, लेकिन मेलबर्न पार्क में वह कभी सेमीफाइनल से आगे नहीं बढ़ पाई हैं। पिछले साल वह क्वार्टरफाइनल में बाहर हो गई थीं। अमेरिकी खिलाड़ी को फिर से डबल फॉल्ट की समस्या से जूझना पड़ा। दूसरे दौर में गॉफ का सामना ओल्गा डैनिलोविच से होगा। डैनिलोविच ने रविवार को पहले दौर के मैच में 45 वर्षीय वीनस विलियम्स को हराया था।
इस बीच 27वीं वरीयता प्राप्त सोफिया केनिन का खराब प्रदर्शन जारी रहा। वह पहले दौर में हमवतन अमेरिकी खिलाड़ी पेटन स्टर्न्स से 6-3, 6-2 से हार गईं। स्टर्न्स का अगला मुकाबला क्रोएशिया की पेट्रा मार्किंको से होगा।
अमांडा अनिसिमोवा ने मार्गेट कोर्ट एरिना में खेले गए मुकाबले में सिमोना वॉल्टर्ट को 6-3, 6-2 से हराया, जबकि पेगुला ने 66 मिनट चले मुकाबले में अनास्तासिया जाखारोवा को 6-2, 6-1 से पराजित किया।
पुरुष सिंगल्स में रूस के स्टार टेनिस खिलाड़ी डानिल मेदवेदेव ने ऑस्ट्रेलियन ओपन में अपने शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए सोमवार को दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया। पूर्व विश्व नंबर एक मेदवेदेव ने नीदरलैंड्स के जेस्पर डी जोंग को 7-5, 6-2, 7-6(2) से हराकर सीजन 2026 में अपनी जीत का सिलसिला 6-0 तक पहुंचा दिया।
ब्रिसबेन इंटरनेशनल का खिताब जीतकर साल की शुरुआत करने वाले मेदवेदेव ने इस मुकाबले में 13 में से सात ब्रेक पॉइंट का फायदा उठाया। अब दूसरे दौर में उनका सामना फ्रांस के क्वेंटिन हालिस से होगा, जिन्होंने एलेजांद्रो टाबिलो को हराया।
लोकल फेवरेट एलेक्स डी मिनौर ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अमेरिका के मैकेंजी मैकडोनाल्ड को 6-2, 6-2, 6-3 से हराया। मैच के बाद डी मिनौर ने कहा, ऑस्ट्रेलियन ओपन में जीत के साथ शुरुआत करना हमेशा खास होता है। पहला मैच आसान नहीं होता, लेकिन मैं अपनी रणनीति में सफल रहा।
डी मिनौर 2025 में पहली बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचे थे। अब उनका अगला मुकाबला हामद मेजेडोविच से होगा। अन्य मुकाबलों में अमेरिका के टॉमी पॉल ने अलेक्जेंडर कोवासेविच को 6-4, 6-3, 6-3 से हराया।
रूस के आंद्रे रूबलेव ने माटेओ अर्नाल्डी को 6-4, 6-2, 6-3 से मात दी। वहीं, रेली ओपेल्का ने 23 ऐस की मदद से निकोलाई बुडकोव क्यार को 6-4, 6-3, 6-4 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।






