India vs New Zealand: वडोदरा में रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला वनडे मैच खेला जाएगा तो सभी की निगाहें दो सबसे बड़े सितारे रोहित शर्मा और विराट कोहली पर होंगी। विजय हजारे ट्रॉफी में इन दोनों का बल्ला जमकर गरजा था। रोहित और विराट दोनों ने ही शतक लगाए थे अब ये दोनों सितारे न्यूजीलैंड के विरुद्ध भी उसी लय को जारी रखने उतरेंगे।
इसके साथ ही कप्तान शुभमन गिल भी चोट से उबरकर वापसी करेंगे। साथ ही उपकप्तान श्रेयस अय्यर भी करीब दो महीने बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेंगे। श्रेयस ने भी विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई की ओर से हिमाचल के खिलाफ शानदार अर्धशतक जड़ा था। श्रेयस अय्यर की वापसी से बल्लेबाजी क्रम में चल रहे प्रयोगों पर विराम लगने की उम्मीद है और 31 वर्षीय इस बल्लेबाज का एक बार फिर चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करना लगभग तय है।
ये हो सकती भारत की संभावित इलेवन : रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज।
कब होगा मैच शुरू और कहां होगा प्रसारण : मैच दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा, जिसका प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियो हॉटस्टार पर किया जाएगा।






