
Vaibhav hits 68 runs in just 24 balls: भारतीय क्रिकेट की युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से फिर कमाल किया। दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध दूसरे अंडर-19 युवा वनडे में बिहार के इस 14 वर्षीय बल्लेबाज ने केवल 24 गेंदों में 68 रन कूट कर भारतीय टीम को जीत दिलाई।
वैभव ने अपनी पारी में 10 छक्के और एक चौका जड़ा।वैभव की इस पारी के दम पर भारत अंडर-19 टीम ने सोमवार को दक्षिण अफ्रीका को डकवर्थ लुईस पद्धति से आठ विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाई।
सीरीज में दूसरी बार खराब मौसम के कारण मैच को रोकना पड़ा। आकाशीय बिजली गिरने के कारण खेल काफी देर तक रुका रहा और भारत को 27 ओवर में 174 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। जब खेल रुका तब भारत का स्कोर 12.5 ओवर में दो विकेट पर 115 रन था। दोबारा खेल शुरू होने पर भारत ने 23.3 ओवर में दो विकेट 176 रन बनाकर जीत दर्ज की।
सूर्यवंशी के अलावा वेदांत त्रिवेदी (31) और अभिज्ञान कुंडू (48) ने तीसरे विकेट के लिए 81 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी। इससे पहले जेसन रोल्स की 117 गेंद में सात चौके और तीन छक्के की मदद से खेली गयी 114 रन की पारी से दक्षिण अफ्रीका 49.3 ओवर में ऑल आउट होने से पहले 245 रनों तक पहुंचने में सफल रहा।
भारत के लिए किशन सिंह ने 8.3 ओवर में 46 रन देकर चार विकेट चटकाए।





