Allक्रिकेट
Trending

T20 World Cup 2026: इतिहास बनाने और बदलने को तैयार सूर्य की सेना, फाइनल में कीवियों से टक्कर आज

आज तक कोई टीम लगातार दो बार टी-20 विश्व कप की ट्रॉफी नहीं जीत सकी है और न ही अपने घर पर ये खिताब जीत पाई है। इसके लिए टीम इंडिया को न्यूजीलैंड को हराना होगा, जिसे वो टी-20 विश्व कप में आज तक नहीं हरा सकी है।

India vs NewZealand Final : अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को जब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम उतरेगी तो इस बार इतिहास बनाने और बदलने को बेताब होगी। आज तक कोई टीम लगातार दो बार टी-20 विश्व कप की ट्रॉफी नहीं जीत सकी है और न ही अपने घर पर ये खिताब जीत पाई है। इसके लिए टीम इंडिया को न्यूजीलैंड को हराना होगा, जिसे वो टी-20 विश्व कप में आज तक नहीं हरा सकी है।

19 नवंबर 2023 को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए वनडे विश्व कप फाइनल की कड़वी याद अभी भी भारतीय क्रिकेट के साथ जुड़ी हुई है, जब ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर खिताब छीन लिया था। उस दिन कप्तान रोहित शर्मा की आंखों में आंसू और 93 हजार दर्शकों से भरा खामोश स्टेडियम भारतीय प्रशंसकों के दिलों में बस गया था। हालांकि 2024 में भारत ने टी20 विश्व कप जीतकर उस दर्द को कुछ हद तक कम किया था।

अब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम के पास इतिहास रचने का मौका है। यदि भारत यह खिताब जीतता है तो वह टी20 विश्व कप का खिताब लगातार दूसरी बार जीतने वाली पहली टीम बनेगा और कुल तीन बार ट्रॉफी जीतने का रिकॉर्ड भी अपने नाम करेगा। सूर्यकुमार यादव के लिए यह मुकाबला बेहद खास है। पिछले दो वर्षों में उन्होंने कप्तान के तौर पर टीम का सफल नेतृत्व किया है, लेकिन बड़े मैचों में बल्ले से उनका प्रदर्शन उतना प्रभावी नहीं रहा है। फाइनल में अगर उनका बल्ला चलता है तो यह उनके करियर का सबसे यादगार पल बन सकता है।

भारत के लिए सबसे बड़ा हथियार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह हो सकते हैं। टूर्नामेंट में उनकी गेंदबाजी ने कई बार मैच का रुख बदला है और फाइनल में भी उनके चार ओवर निर्णायक साबित हो सकते हैं। हालांकि न्यूजीलैंड के बल्लेबाज फिन एलेन, ग्लेन फिलिप्स और मिशेल सैंटनर जैसे खिलाड़ी किसी भी दिन मैच पलटने की क्षमता रखते हैं।भारतीय टीम के लिए एक चिंता ओपनर अभिषेक शर्मा का खराब फॉर्म है। टूर्नामेंट से पहले वह शानदार लय में थे, लेकिन विश्व कप में उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। वहीं स्पिन विभाग में भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि वरुण चक्रवर्ती का प्रभाव कम नजर आया है और ऐसे में कुलदीप यादव को मौका मिल सकता है।

दूसरी ओर न्यूजीलैंड की टीम हमेशा की तरह शांत लेकिन खतरनाक है। यह टीम बड़े मुकाबलों में अपने अनुशासित खेल के लिए जानी जाती है और भारत को जीत के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या भारत इस बार इतिहास रचकर टी20 विश्व कप का खिताब बचा पाता है या फिर न्यूजीलैंड चौंकाने में सफल रहता है।

पिच और टास : रात में ओस पड़ने के कारण यहां भी टास अहम होगा। टास जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना चाहेगी। यह मैच काली और लाल मिट्टी की मिक्स पिच पर कराया जाएगा जिसमें स्पिनरों को कम मदद मिलेगी। यहां बल्लेबाजों का बोलबाला हो सकता है। भारतीय टीम 2023 में यहां की काली मिट्टी की धीमी पिच पर फंसकर हार गई थी।

यहां देख सकते हैं मुकाबला : मैच शाम 7 बजे शुरू होगा और टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स के चैनल और जियो हॉटस्टार पर लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं।

टीमें : भारत : सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, रिंकू सिंह, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, वाशिंगटन सुंदर।

न्यूजीलैंड : मिशेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, टिम साइफर्ट, रचिन रवींद्र, मार्क चैपमैन, ग्लेन फिलिप्स, डेरेल मिशेल, मैट हेनरी, लाकी फर्ग्यूसन, कोल मैककांची, काइल जैमीसन, जैकब डफी, डेवोन कोनवे, जिमी नीशम, इश सोढ़ी।

Related Articles

Back to top button