Allफुटबॉल

Copa Del Rey: बार्सिलोना क्वार्टर फाइनल में, सैंटेडर ने दी कड़ी चुनौती

Barcelona enters into quarter final: रीयल मैड्रिड के कोपा डेल रे से बाहर होने के ठीक एक दिन बाद मौजूदा चैंपियन बार्सिलोना ने भी मुश्किल हालात का सामना किया, लेकिन अंततः उलटफेर से बचते हुए दूसरे डिवीजन की मजबूत टीम रेसिंग सैंटेंडर को 2-0 से हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली।

पिछले सीजन के फाइनल में बार्सिलोना से हारने वाला रीयल मैड्रिड इस बार दूसरे डिवीजन की अल्बासेटे के खिलाफ 3-2 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गया था। इसके बाद सभी की निगाहें बार्सिलोना पर थीं, जहां उन्हें भी कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा।

मैच में बार्सिलोना की शुरुआत खास नहीं रही और टीम को पहला गोल करने के लिए एक घंटे से ज्यादा इंतजार करना पड़ा। 66वें मिनट में फेरान टोरेस ने आखिरकार गतिरोध तोड़ा। इसके बाद इंजरी टाइम के छठे और अंतिम मिनट में युवा स्टार लामिन यामल ने गोल कर जीत पक्की कर दी।

रेसिंग सैंटेंडर ने मुकाबले में शानदार जज्बा दिखाया, लेकिन उनके दो गोल ऑफसाइड करार दिए गए। पहला 77वें मिनट में और दूसरा 86वें मिनट में। दूसरे हाफ के स्टॉपेज टाइम में बराबरी का सुनहरा मौका भी उन्हें मिला, मगर बार्सिलोना के गोलकीपर जोन गार्सिया ने सब्स्टीट्यूट मानेक्स लोज़ानो के शॉट को शानदार तरीके से रोक लिया।

एक अन्य मुकाबले में वालेंसिया ने बर्गोस को 2-0 से हराकर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। वालेंसिया की ओर से दोनों हाफ में एक-एक गोल किए गए। इससे पहले एटलेटिको मैड्रिड ने डेपोर्टिवो ला कोरुना को 1-0 से हराकर अंतिम आठ में जगह बना ली थी। क्वार्टरफाइनल में पहुंचने वाली अन्य टीमें रियाल सोसिदाद, एथलेटिक बिलबाओ, रीयल बेटिस और अलावेस हैं।

Related Articles

Back to top button