भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में खेले जा रहे इंडिया ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पहले दौर में मंगलवार को भारत के ही आयुष शेट्टी पर आसान जीत दर्ज करते हुए दूसरे राउंड में जगह बना ली। 2022 के चैंपियन लक्ष्य ने केवल 36 मिनट में 21-12, 21-15 से जीत दर्ज की। लक्ष्य ने पहला गेम के केवल 14 मिनट में अपने नाम किया। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू, एचएस प्रणय और किदांबी श्रीकांत बुधवार को कोर्ट पर उतरेंगे।
अल्मोड़ा के 24 वर्षीय लक्ष्य अगले दौर में जापानी प्रतिद्वंद्वी जापान के केंटा निशिमोतो से भिड़ेंगे। निशिमोतो ने कोडाई नरोका के मैच से हटने के बाद दूसरे दौर में जगह बनाई। नरोका जब मैच से हटे तब निशिमोतो पहला गेम 21-6 से जीत चुके थे और दूसरे गेम में 7-5 से आगे थे।
इससे पहले, महिला डबल्स में त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ने ओर्निचा जोंगसथापोनपार्न और सुकिता सुवाचाई की थाईलैंड की जोड़ी को 42 मिनट में 21-15, 21-11 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया। प्रिया कोनजेंगबाम और श्रुति मिश्रा ने पहला गेम हारने के बावजूद शानदार खेल दिखाया, लेकिन उन्हें लोक लोक लुइ और ह्यु येन सेंग की हांगकांग की जोड़ी के विरुद्ध एक घंटे आठ मिनट चले मुकाबले में 11-21, 22-20, 22-24 से शिकस्त झेलनी पड़ी। प्रिया और श्रुति ने चार मैच प्वाइंट बचाने के बाद एक मैच प्वाइंट भी हासिल किया लेकिन अंतत: भारतीय जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा।






