Allअन्य खेल

India Open : इस बार भी खाली रहे हाथ, लक्ष्य की हार के साथ खत्म हुई भारत की चुनौती

इंडिया ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में शुक्रवार को भारतीय चुनौती पूरी तरह समाप्त हो गई, जब अल्मोड़ा के 24 वर्षीय शटलर लक्ष्य सेन पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे के लिन चुन यी से हार गए। तीन गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में लक्ष्य ने दमदार संघर्ष किया, लेकिन निर्णायक क्षणों में बढ़त कायम नहीं रख सके और 21-17, 13-21, 18-21 से मुकाबला गंवा बैठे।


मैच की शुरुआत में लक्ष्य काफी आत्मविश्वास से भरे नजर आए। पहले गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच लंबी रैलियां चलीं और स्कोर 7-7 तक बराबरी पर रहा। इसके बाद लक्ष्य ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 16-11 की बढ़त बनाई। 54 शॉट की एक थकाऊ रैली में लिन की गलती का फायदा उठाकर लक्ष्य ने पहला गेम अपने नाम किया।


हालांकि दूसरे गेम में परिस्थितियां बदल गईं। शटल पर नियंत्रण मुश्किल हुआ और लक्ष्य को अपनी लेंथ से जूझना पड़ा। ब्रेक तक वह 5-11 से पीछे थे। वापसी की कोशिश के बावजूद लिन ने संयम बनाए रखा और गेम जीतकर मुकाबला बराबर कर लिया।


निर्णायक गेम में लक्ष्य ने 4-0 की तेज शुरुआत की, लेकिन लिन ने लगातार जंप स्मैश और सटीक रिटर्न से स्कोर बराबर कर लिया। मुकाबला 18-18 के रोमांचक मोड़ तक पहुंचा, जहां लक्ष्य से कुछ अहम गलतियां हो गईं। लिन ने मौके का फायदा उठाते हुए दो लगातार अंक लेकर मैच अपने नाम कर लिया।


इस हार के साथ इंडिया ओपन में भारत का सफर समाप्त हो गया। इसके साथ ही यहां खिताब जीतने का इंतजार जारी रहा। भारतीय खिलाड़ी ने अंतिम बार 2022 में यहां खिताब जीता था, जब लक्ष्य सिंगल्स और सात्विक और चिराग की जोड़ी डबल्स चैंपियन बनी थी।

Related Articles

Back to top button