Allक्रिकेट
Trending

T-20 World Cup: लगातार पांच मैचों में फ्लॉप रहे संजू सैमसन का कट गया टीम से पत्ता ?

न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में केवल 46 रन ही बना सके सैमसन

T-20 World Cup: न्यूजीलैंड से 4-1 से टी-20 सीरीज जीतने के बाद अब भारतीय टीम सात फरवरी से टी-20 विश्व कप अभियान में जुटेगी, जहां सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली टीम लगातार दूसरी बार ट्राफी जीतने उतरेगी। तिरुवनंतपुरम में शनिवार को पांचवें टी-20 मैच के बाद टीम कॉम्बिनेशन की तस्वीर लगभग साफ हो चुकी है। लगातार पांच मैचों में फ्लॉप रहे संजू सैमसन की जगह अब प्लेइंग 11 में बनती नहीं दिख रही है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के पांच मैचों में संजू सैमसन ने केवल 46 रन ही बनाए और आखिरी मैच में उनसे विकेटकीपिंग भी नहीं कराई गई। मैच में टॉस के समय जो टीम शीट दी जाती है, उस पर संजू के नाम के आगे ही विकेटकीपर लिखा हुआ था, लेकिन इसके बावजूद इशान से विकेटकीपिंग कराई गई। भले ही मैच के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव कह रहे हों कि इशान किशन से विकेटकीपिंग कराने का निर्णय पहले ही ले लिया गया था, लेकिन जिस तरह संजू का प्रदर्शन रहा है टीम प्रबंधन नहीं चाहता कि वह टी20 विश्व कप में किसी तरह का जोखिम ले। टी-20 विश्व कप से पहले यह टीम इंडिया का आखिरी मैच था और ऐसे में इशान से विकेटकीपिंग कराई गई ताकि विश्व कप में वह पूरी तरह तैयार रहें।

दूसरी तरफ इशान ने जिस तरह की लय में हैं, उसे देखते हुए अब उनका अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग करना लगभग तय है। क्योंकि तिलक वर्मा फिट हो चुके हैं और तीन फरवरी को वार्म अप मैच में खेलेंगे। तिलक की वापसी के बाद संजू की जगह और मुश्किल हो जाएगी। तिलक नंबर तीन पर बल्लेबाजी करेंगे और कप्तान सूर्यकुमार यादव चौथे नंबर पर उतरेंगे। नंबर पांच पर हार्दिक पांड्या और छह पर रिंकू सिंह फिनिशर के रूप में खेलेंगे। इसके बाद टीम के पास अक्षर पटेल और शिवम दुबे हैं जो गेंदबाजी के साथ-साथ किसी भी नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं। ऐसे में संजू का टीम से बाहर बैठना लगभग तय माना जा रहा है।

संजू ने गंवा दिया मौका : संजू को इस सीरीज में टीम प्रबंधन ने हर मैच में मौका दिया, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने निराश किया। पांचवें मैच से पहले जब माना जा रहा था कि इशान के फिट होने पर हो सकता है कि संजू को बाहर बैठना पड़े, तब भी कोच गौतम गंभीर ने उन्हें एक और अंतिम मौका दिया ताकि वह अपने घरेलू मैदान पर रन बनाकर अपनी जगह को जस्टिफाई कर सकें, लेकिन संजू फिर खराब शॉट खेलकर आउट हो गए। इसके बाद उन्हें बेंच पर बैठाने के लिए टीम प्रबंधन का काम और आसान हो गया।

Related Articles

Back to top button