
indian Open Super 750 Badminton Tournament : नई दिल्ली में 13 जनवरी से 18 जनवरी तक होने वाले इंडिया ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के बुधवार को घोषित कर दिए गए। ड्रॉ के अनुसार, 2022 के चैंपियन लक्ष्य सेन पहले दौर में हमवतन आयुष शेट्टी से भिड़ेंगे जबकि महिला सिंगल्स में पूर्व विश्व चैंपियन पीवी सिंधू का सामना वियतनाम की थुई लिन गुयेन से होगा।
बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर के सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंटों में से एक इंडिया ओपन इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में खेला जाएगा। यह प्रतियोगिता अगस्त में इसी स्थान पर होने वाली बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण होगी। ड्रॉ से यह तय हो गया है कि पुरुष सिंगल्स में चार भारतीय शटलरों में से केवल तीन ही दूसरे दौर में पहुंचेंगे। पुरुष सिंगल्स में किदांबी श्रीकांत का सामना पहले दौर में 2024 में चीनी ताइपे की थॉमस कप कांस्य पदक विजेता टीम के सदस्य और विश्व में 12वें नंबर के खिलाड़ी लिन चुन यी से होगा। अगर वह पहली बाधा पार करने में सफल रहते हैं तो दूसरे दौर में उनका सामना क्रिस्टो पोपोव से हो सकता है।
महिला सिंगल्स की बात करें तो दो बार की ओलिंपिक पदक विजेता सिंधू का मुकाबला गुयेन से होगा, जिनके खिलाफ भारतीय खिलाड़ी अपने पिछले दोनों मैच में हार चुकी हैं। भारत की एक अन्य खिलाड़ी मालविका बंसोड़ का सामना पहले दौर में चीनी ताइपे की पाई यू पो से होगा।
पुरुष डबल्स में चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी की जोड़ी को पहले दौर में अमेरिका के चेन झी यी और प्रेस्ली स्मिथ का सामना करना होगा। भारतीय जोड़ी को असली चुनौती क्वार्टर फाइनल में मिलेगी जहां उनका सामना चीन के चेन बो यांग और लियू यी की आठवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी से हो सकता है।
महिला डबल्स में त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद का मुकाबला थाईलैंड की ओर्निचा जोंगसाथपोर्नपर्न और सुकिट्टा सुवाचाई से होगा। पहला मैच जीतने के बाद दूसरे दौर में उनका सामना ली यी जिंग और लूओ जू मिन की चीन की सातवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी से हो सकता है।






