दुनिया के नंबर दो शटलर डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसन के इंडिया ओपन में नहीं खेलने की बड़ी वजह सामने आई है, जिसका खुलासा खुद उन्होंने इंस्टाग्राम पर किया है। पिछले सप्ताह ही इस डेनिश खिलाड़ी ने नई दिल्ली के इंडोर गांधी इंडोर स्टेडियम में चल रहे इंडिया ओपन से नाम वापस ले लिया था। एंटोनसन के टूर्नामेंट से हटने की प्रमुख वजह दिल्ली शहर का प्रदूषण है।
एंटोनसन ने इंस्टाग्राम पर लिखा, बहुत से लोग जानना चाहते हैं कि मैंने लगातार तीसरे साल इंडिया ओपन से नाम क्यों वापस ले लिया है। इस समय दिल्ली में बहुत अधिक प्रदूषण है इसलिए मुझे नहीं लगता कि यह बैडमिंटन टूर्नामेंट की मेजबानी करने के लिए सही जगह है।
डेनमार्क के इस 28 साल के खिलाड़ी ने हालांकि उम्मीद जताई कि अगस्त में जब इसी जगह पर बीडब्ल्यूएफ बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा तो हालात जनवरी की तुलना में बेहतर होंगे।
हालांकि न केवल एंटोनसन बल्कि डेनमार्क की महिला खिलाड़ी मिया ब्लिचफेड ने भी इंडिया ओपन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाया है। उन्होंने एक दिन पहले ही यहां पर साफ सफाई को लेकर नाखुशी जताई थी और बीडब्ल्यूएफ से हस्तक्षेप करने की मांग की थी। लेकिन भारतीय बैडमिंटन संघ ने साफ सफाई को लेकर उनकी आपत्ति को खारिज कर दिया था।






