Allअन्य खेल

India Open: यंग और क्रिस्टी फाइनल में

India open: विश्व नंबर एक एन से यंग ने शानदार फॉर्म बरकरार रखते हुए और इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी ने जबरदस्त जुझारूपन दिखाते हुए इंडिया ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला और पुरुष सिंगल्स के फाइनल में जगह बना ली। शनिवार को महिला सिंगल्स के सेमीफाइनल में शीर्ष वरीय और गत चैंपियन दक्षिण कोरिया की एन से यंग ने थाईलैंड की पूर्व विश्व चैंपियन राचानोक इंतानोन को 21-11, 21-7 से एकतरफा अंदाज में हराया।

इस सीजन में अब तक 11 खिताब जीत चुकी एन ने पिछले सप्ताह मलेशिया ओपन सुपर 1000 का खिताब भी अपने नाम किया था। फाइनल में उनका सामना चीन की विश्व नंबर दो खिलाड़ी वांग झी यी से होगा, जिन्होंने दूसरे सेमीफाइनल में अपनी हमवतन और टोक्यो ओलंपिक चैंपियन चेन यू फेई को 21-15, 23-21 से हराया।

पुरुष सिंगल्स में तीसरी वरीय जोनाथन क्रिस्टी ने शुरुआती पिछड़ने के बावजूद सिंगापुर के पूर्व विश्व चैंपियन लोह कीन यू को 21-18, 22-20 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। मुकाबला 46 मिनट चला। अब फाइनल में उनका मुकाबला चीनी ताइपे के लिन चुन-यी से होगा, जिन्होंने कनाडा के विक्टर लाई को 21-9, 6-21, 22-20 से हराया।

फिर पक्षी की बीट से रुका मैच
महिला डबल्स में जापान की युकी फुकुशिमा और मायू मात्सुमोतो ने मलेशिया की जोड़ी पर्ली टैन–थिनाह मुरलीधरन को 21-16, 21-13 से हराया। हालांकि टूर्नामेंट के दौरान अव्यवस्था भी देखने को मिली। महिला डबल्स सेमीफाइनल में चीनी और कोरियाई खिलाड़ियों के बीच मैच उस समय रोकना पड़ा, जब कोर्ट पर पक्षी के घोंसले से गिरी सामग्री आ गिरी। पहले इसे बीट समझा गया, लेकिन बाद में अधिकारियों ने इसे घोंसले का मलबा बताया।

Related Articles

Back to top button