
India vs srilanka First T-20: महिला वनडे विश्व कप फाइनल की नायिका रहीं जेमिमा रोड्रिग्स ने रविवार को विशाखापत्तनम में रविवार को खेले गए पहले टी-20 मुकाबले में 69 रनों की अविजित पारी खेली, जिससे भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को आठ विकेट से रौंद डाला।
भारत ने पहले गेंदबाजी करते हुए श्रीलंकाई टीम को छह विकेट पर 121 रन पर रोक दिया, जिसके बाद भारत ने 14.4 ओवर में ही आठ विकेट शेष रहते दमदार जीत हासिल कर ली। जेमिमा ने स्पिनर शशिनी गिमहानी के एक ओवर में लगाए गए चार चौके दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहे। उन्होंने स्मृति मंधाना (25 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 54 रन और कप्तान हरमनप्रीत कौर (15 रन) के साथ 55 रन की अहम साझेदारी की। स्मृति मंधाना ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 4000 रन पूरे किए।
श्रीलंका की ओर से विष्मी गुणरत्ने ने सबसे ज्यादा 39 रन बनाए, जबकि हसीनी परेरा (20) और हरशिता समराविक्रमा (21) ने भी संघर्ष किया। गेंदबाजी में भारत की ओर से दीप्ति शर्मा (1/20) ने किफायती प्रदर्शन किया, जबकि डेब्यू कर रहीं वैष्णवी शर्मा ने चार ओवर में सिर्फ 16 रन देकर प्रभावित किया। ओस के बावजूद भारतीय गेंदबाजों ने नियंत्रण बनाए रखा और श्रीलंका को बड़े स्कोर से दूर रखा।





