Allअन्य खेल

Malaysia Open: चोट से उबरकर सिंधू की दमदार वापसी, चीनी ताइपे की प्रतिद्वंद्वी को सीधे गेमों में चटाई धूल

Sindhu advanced to second round: चोट के कारण लंबे समय तक कोर्ट से दूर रहने के बाद भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू ने दमदार वापसी करते हुए मलेशिया ओपन सुपर 1000 टूर्नामेंट के महिला सिंगल्स प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। बुधवार को खेले गए पहले दौर के मुकाबले में पूर्व विश्व चैंपियन सिंधू ने चीनी ताइपे की सुंग शुओ युन को सीधे गेमों में 21-14, 22-20 से शिकस्त दी। यह सुंग के खिलाफ सिंधू की दूसरी जीत रही और उनके बीच आमने-सामने का रिकॉर्ड अब 2-0 हो गया है।

30 वर्षीय सिंधू पिछले साल अक्टूबर में पैर की चोट के चलते बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर से बाहर हो गई थीं। वापसी के इस मैच में उन्होंने आत्मविश्वास और लय का शानदार प्रदर्शन किया। 51 मिनट तक चले मुकाबले में सिंधू ने पूरे समय नियंत्रण बनाए रखा।

विश्व रैंकिंग में 18वें स्थान पर काबिज सिंधू ने पहले गेम में आक्रामक शुरुआत करते हुए 6-2 की बढ़त बना ली और इसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने पहले गेम को बिना ज्यादा परेशानी के अपने नाम किया। हालांकि दूसरा गेम अधिक चुनौतीपूर्ण रहा, जहां सिंधू को कड़ी मेहनत करनी पड़ी।

दूसरे गेम में सिंधू एक समय 4-11 से पीछे चल रही थीं, लेकिन अपने अनुभव और धैर्य का परिचय देते हुए उन्होंने शानदार वापसी की और स्कोर 13-13 से बराबर कर लिया। इसके बाद सुंग ने 17-14 की बढ़त हासिल की, लेकिन सिंधू ने जुझारूपन दिखाते हुए फिर स्कोर 17-17 कर दिया। निर्णायक क्षणों में भारतीय खिलाड़ी ने बेहतर संयम दिखाया और 20-20 के बाद लगातार दो अंक जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

अगले दौर में सिंधू का सामना विश्व रैंकिंग में नौवें स्थान पर मौजूद जापान की टोमोका मियाजाकी से होगा। मियाजाकी ने अपने पहले दौर के मुकाबले में उस समय बढ़त बनाई थी जब उनकी प्रतिद्वंद्वी सिम यू जिन चोट के कारण मैच छोड़ने पर मजबूर हो गईं।

मिक्स्ड डबल्स में भारतीय जोड़ी ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो का सफर पहले दौर में ही समाप्त हो गया। विश्व रैंकिंग में 17वें स्थान पर काबिज इस जोड़ी को अमेरिका के प्रेस्ली स्मिथ और जेनी गाई की जोड़ी से 15-21, 21-18, 15-21 से हार का सामना करना पड़ा।

Related Articles

Back to top button