
India vs NewZealand Fourth T-20: विशाखापत्तनम में आज होने वाले मुकाबले में भारतीय टीम की सबसे बड़ी चिंता विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन का लगातार खराब फॉर्म बना हुआ है। संजू अब तक मिले मौकों का फायदा नहीं उठा पाए हैं। मौजूदा सीरीज के तीनों मैचों में वह दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके हैं। पहले दो मुकाबलों में उन्होंने 10 और 6 रन बनाए, जबकि गुवाहाटी में वह गोल्डन डक पर पवेलियन लौट गए।
31 वर्षीय संजू के लिए मुश्किलें इसलिए भी बढ़ गई हैं क्योंकि ईशान किशन इस समय शानदार फॉर्म में हैं। ईशान ओपनर और विकेटकीपर—दोनों ही भूमिकाओं में मजबूत दावेदार बने हुए हैं। ऐसे में खराब प्रदर्शन के बीच संजू सैमसन के पास टी20 टीम में अपनी जगह पक्की करने के लिए समय तेजी से निकलता जा रहा है।
हार्दिक को मिल सकता है आराम
आज के मैच में भारत अपनी स्पिन गेंदबाजी संयोजन में भी बदलाव कर सकता है। टीम के पास अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती जैसे कई विकल्प मौजूद हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि अंतिम एकादश में किस स्पिनर को मौका मिलता है। इसके अलावा चोट और आने वाले व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को आराम दिए जाने की भी संभावना है।
भारतीय टीम : सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, ईशान किशन (विकेटकीपर), रवि बिश्नोई।
कहां होगा प्रसारण : मैच का प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियो हॉटस्टार पर किया जाएगा।
कब शुरू होगा मैच : मैच शाम 7 बजे शुरू होगा।






