Allक्रिकेट

Women’s Rising Asia Cup: राधा यादव के ऑलराउंड प्रदर्शन से भारत ए महिला टीम फाइनल में

महिला राइजिंग स्टार्स टी20 एशिया कप में कप्तान राधा यादव के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत भारत ए टीम ने श्रीलंका ए को पांच विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

बैंकॉक में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में राधा ने गेंद और बल्ले दोनों से कमाल दिखाया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका ए की शुरुआत ठीक-ठाक रही, लेकिन भारतीय स्पिनरों के सामने उनकी पारी बिखर गई। श्रीलंका की टीम 118 रन पर सिमट गई। बाएं हाथ की स्पिनर राधा यादव ने 4 विकेट लेकर विरोधी बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी। उन्हें तनुजा कंवर (2/20) और प्रेमा रावत (2/9) का अच्छा साथ मिला।

श्रीलंका की ओर से सलामी बल्लेबाज संजना कविंदी (31 रन, 35 गेंद) ने संघर्ष किया। उन्होंने हंसिमा करुणारत्ने (14) के साथ पहले विकेट के लिए 36 रन जोड़े। 10वें ओवर तक टीम का स्कोर 71/2 था, लेकिन इसके बाद भारतीय स्पिन आक्रमण के आगे श्रीलंकाई बल्लेबाज टिक नहीं सके और शेष आठ विकेट 47 रन के भीतर गिर गए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत ए टीम को ज्यादा परेशानी नहीं हुई। हालांकि एक समय टीम ने 21 रन के भीतर तीन विकेट गंवा दिए थे, जिसमें वृंदा दिनेश (42) का अहम विकेट शामिल था। इसके बाद कप्तान राधा यादव ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 18 गेंदों में नाबाद 31 रन बनाए, जिसमें सात चौके शामिल थे। उनकी आक्रामक पारी की बदौलत भारत ने 13.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

इस जीत के साथ भारत ए टीम फाइनल में पहुंच गई है, जहां उसका सामना बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा।राधा यादव के नेतृत्व में भारत ए ने इस टूर्नामेंट में संतुलित प्रदर्शन किया है और अब टीम की नजरें खिताब पर टिकी हैं।

Related Articles

Back to top button