
India vs New Zealand T-20 Series: वनडे सीरीज समाप्त होने के बाद टीम इंडिया अब टी-20 सीरीज में कीवी टीम से भिड़ने के लिए तैयार है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम सोमवार को नागपुर पहुंच गई, जहां पांच मैचों की सीरीज का पहला टी-20 मैच खेला जाएगा। अगले महीने 7 तारीख से शुरू हो रहे टी-20 विश्व कप से पहले यह अंतिम सीरीज होगी, जहां टीम इंडिया विश्व कप से पहले अपनी तैयारियों को परखेगी।
अगर बात करें नागपुर के वीसीए स्टेडियम की जहां, ये मैच खेला जाएगा तो यहां भारत का रिकार्ड ठीकठाक रहा है। यहां टीम ने अब तक खेले गए पांच टी-20 मैचों में से 3 जीते हैं, जबकि 2 में उसे हार मिली है। हालांकि जिन टीमों के खिलाफ उसे हार मिली है, उसमें न्यूजीलैंड भी शामिल है।
15 मार्च 2016 को खेले गए टी-20 विश्व कप के इस मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम ने 127 रन बनाए थे और टीम इंडिया केवल 79 रन पर ऑलआउट हो गई थी। ईश सोढ़ी और मिचेल सैंटनर के सामने भारतीय टीम बिखर गई थी। सैंटनर ने 4 और सोढ़ी ने 3 विकेट लिए थे। 10 साल बाद भारतीय टीम उस हार का बदला लेने उतरेगी।
हेड टू हेड में टीम इंडिया का पलड़ा भारी अगर टी-20 में हेड टू हेड की बात करें तो भारतीय टीम का पलड़ा भारी है। दोनों टीमों के बीत 25 टी-20 मैचों में से भारत ने 14 और न्यूजीलैंड ने 10 मैच जीते हैं। एक मैच टाई रहा है।
जानें कैसी हैं दोनों टीमें
भारत : सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, हार्दिक पांड्या, इशान किशन, श्रेयस अय्यर (पहले तीन मैचों के लिए), शिवम दुबे, संजू सैमसन, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई।
न्यूजीलैंड : मिचेल सैंटनर (कप्तान), मार्क चैपमैन, टिम रोबिंसन, माइकल ब्रेसवेल, बेवन जैकॉब्स, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, जैक फॉल्क्स, डेवोन कोन्वे, मैट हेनरी, जैकब डफी, काइल जैमीसन, ईश सोढ़ी।
कहां देखें मुकाबला : मैच का प्रसारण बुधवार को शाम 7 बजे से स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियो हॉटस्टार पर किया जाएगा।






