Allक्रिकेट
Trending

Ind vs NZ:मिचेल ने शतक जड़ सीरीज में कराई न्यूजीलैंड की वापसी, दूसरे मैच में सात विकेट से हारा भारत

राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड ने भारतीय टीम को सात विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी हासिल कर ली। न्यूजीलैंड की इस शानदार जीत के नायक रहे डेरिल मिचेल, जिन्होंने केवल 96 गेंद में शतक जड़ा। मिचेल ने 117 गेंदों में 131 रन की पारी खेली और टीम को जीत दिलाकर ही लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और दो छक्के लगाए। उनकी यह पारी केएल राहुल (112) के शतक पर भारी पड़ी। खास बात रही कि ये इन दोनों बल्लेबाजों को वनडे में आठवां-आठवां शतक था।

वडोदरा में हारकर पहुंची न्यूजीलैंड को सीरीज में बने रहने के लिए जीत बेहद जरूरी थी। पहले उसके गेंदबाजों ने भारतीय शीर्ष बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त किया, लेकिन केएल के शतक से भारत ने 284 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम ने मिचेल के शतक से केवल 47.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। उनके अलावा विल यंग ने 87 रनों का योगदान दिया। मिचेल का यह 10 पारियों में भारत के खिलाफ तीसरा शतक था। मिचेल और यंग के बीच तीसरे विकेट के लिए 162 रनों की साझेदारी हुई, जो भारतीय टीम की हार का कारण बनी।

इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने बेहद ही साधारण प्रदर्शन किया। कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा 82 रन लुटाए। मिचेल ने उनके विरुद्ध स्वीप और रिवर्स स्वी शॉट पर रन कूटे। सीरीज का अंतिम मैच 18 जनवरी को इंदौर में खेला जाएगा। अब दोनों ही टीमों के पास सीरीज जीतने का बराबरी का मौका है। भारत को इसके बाद न्यूजीलैंड के विरुद्ध पांच टी-20 मैचों की सीरीज खेलनी है और उसके बाद उसे टी-20 विश्व कप में उतरना है।

Related Articles

Back to top button