Ashes Aus vs Eng: ऑस्ट्रेलियाई टीम कल से शुरू हो रहे बॉक्सिंग डे टेस्ट (Boxing Day Test) में भी रणनीति अपनाएगा, जो उसने ब्रिसबेन टेस्ट में अपनाई थी। ऑस्ट्रेलिया (Australia) ने इंग्लैंड के खिलाफ शुक्रवार से शुरू होने वाले चौथे एशेज टेस्ट (Fourth Ashes Test) के लिए पूरी तरह अपने तेज गेंदबाजी आक्रमण पर भरोसा जताया है। टीम प्रबंधन ने चोटिल नाथन लियोन (Nathan lyon) की अनुपस्थिति के बावजूद किसी भी स्पिनर को अंतिम एकादश में शामिल नहीं करने का फैसला किया है, जो एमसीजी जैसे मैदान पर एक असामान्य लेकिन परिस्थितियों के अनुरूप निर्णय माना जा रहा है।
ब्रिसबेन में टीम चार तेज गेंदबाजाें के साथ उतरी थी। कप्तान स्टीव स्मिथ (Steve Smith) ने कहा, “टीम का चयन हमेशा पिच और हालात को ध्यान में रखकर किया जाता है। मौजूदा पिच को देखकर साफ है कि तेज गेंदबाजों को यहां पर्याप्त मदद मिलेगी।”
एडिलेड में खेले गए तीसरे टेस्ट के दौरान नाथन लियोन चोटिल हो गए थे, जिसके बाद उनके कवर के तौर पर ऑफ स्पिनर टॉड मर्फी (Todd Murphy) को टीम में बुलाया गया था। हालांकि, मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड की पिच पर मौजूद घास और मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम ने मर्फी को बाहर रखने का निर्णय लिया। टीम का मानना है कि इस पिच पर तेज गेंदबाजों को अधिक सहायता मिलने की संभावना है और स्पिन की भूमिका सीमित रहेगी।
ऑस्ट्रेलिया पहले ही इंग्लैंड को शुरुआती तीनों टेस्ट में हराकर महज 11 दिनों के भीतर एशेज सीरीज़ अपने नाम कर चुका है। ऐसे में चौथे टेस्ट में भी वह अपनी विजयी लय को बरकरार रखने के इरादे से उतरेगा, हालांकि टीम संयोजन में परिस्थितियों के अनुरूप बदलाव किए गए हैं।
परंपरागत रूप से एमसीजी पर स्पिनरों की अहम भूमिका रही है। शेन वॉर्न और नाथन लियोन जैसे दिग्गजों ने इस मैदान पर वर्षों तक शानदार प्रदर्शन किया है और आमतौर पर ऑस्ट्रेलियाई टीम बिना स्पिनर के मैदान में उतरने से बचती रही है। इसके बावजूद इस बार टीम प्रबंधन ने पिच की प्रकृति को प्राथमिकता दी है।
नाथन लियोन और नियमित कप्तान पैट कमिंस की अनुपस्थिति में जोश इंग्लिस, झाय रिचर्डसन, ब्रेंडन डोगेट और माइकल नेसर ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभालेंगे। टीम को उम्मीद है कि यह आक्रमण इंग्लैंड पर दबाव बनाए रखेगा और सीरीज़ में उसकी पकड़ और मजबूत करेगा।






