
भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इन दिनों न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज की तैयारियों में जुटे हैं। आगामी टी-20 विश्व कप टीम का हिस्सा बुमराह नेट्स पर जमकर अभ्यास कर रहे हैं, लेकिन इसी बीच उनका एक बेहद प्यारा और दिल छू लेने वाला पल भी देखने को मिला।
गुरुवार को बुमराह अपने बेटे अंगद के साथ नेट्स पर पहुंचे, जहां अभ्यास के साथ-साथ पिता–पुत्र की खास बॉन्डिंग नजर आई। अंगद भी अपने पापा की तरह गेंदबाजी करते दिखे और बुमराह पूरे प्यार से उन्हें टिप्स देते रहे।
मुंबई इंडियंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर इस खूबसूरत पल का वीडियो साझा किया। वीडियो में बुमराह अंगद से कहते हैं, “अभी मैं वॉर्म-अप कर रहा हूं,” फिर मुस्कुराते हुए बोलते हैं, “देखो, डेडा कैसे गेंद करते हैं।”इसके बाद नन्हे अंगद गेंद लेकर पूरे जोश के साथ स्टंप्स की ओर दौड़ते हैं। ट्रेनर उन्हें गेंद थ्रो करने के लिए कहता है और अंगद पूरी गंभीरता से अपने ‘एक्शन’ में जुट जाते हैं। बुमराह भी बेटे की हर कोशिश पर हौसला बढ़ाते नजर आते हैं।
नेट्स पर अभ्यास के इस दौरान बुमराह और अंगद की मस्ती, मुस्कान और क्रिकेट के प्रति प्यार ने फैंस का दिल जीत लिया। मैदान पर जहां बुमराह अपनी घातक गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं, वहीं इस वीडियो में उनका एक अलग, पारिवारिक और भावुक अंदाज देखने को मिला।
यह पल न सिर्फ क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास रहा, बल्कि यह भी दिखाता है कि बुमराह मैदान के बाहर एक समर्पित पिता की भूमिका को भी उतनी ही खूबसूरती से निभा रहे हैं।






