Australian Open: टेनिस की नई पीढ़ी की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्विताओं में शुमार कार्लोस अल्काराज (Carlos Alcaraz) और जैनिक सिनर (Jannik Sinner) की भिड़ंत हमेशा चर्चा में रहती है, लेकिन अगले महीने होने जा रहे ऑस्ट्रेलियन ओपन (Australian Open) में अल्काराज और सिनर की किट (Kit) को लेकर भी चर्चा कम नहीं है। दोनों ही नाइकी एथलीट हैं, जिससे उनके ऑन-कोर्ट फैशन पर भी फैंस की खास नजर रहती है। इस बार ये दोनों मेलबर्न पार्क में क्या पहनकर उतरेंगे, इसका वीडियो इंटरनेट पर लीक हो गया है।
अल्काराज और सिनर की पसंद एक-दूसरे से बिल्कुल अलग है। अल्काराज जहां चमकीले रंगों और स्लीवलेस टॉप्स को पसंद करते हैं, वहीं सिनर गहरे रंगों और सादगी भरे, कॉलर वाले लुक के साथ ज्यादा ‘क्लासी’ अंदाज में नजर आते हैं। टेनिस प्रेमियों के लिए खुशखबरी यह है कि ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 से पहले दोनों की नाइकी किट्स ऑनलाइन लीक हो चुकी हैं।
लीक वीडियो के मुताबिक, अल्काराज इस बार असिमेट्रिक डिजाइन वाली हरी, काली और सफेद रंगों की किट में दिखेंगे। यह कलर-ब्लॉकिंग डिजाइन 2000 के दशक की याद दिलाती है। वह रॉड लेवर एरीना में स्लीवलेस टैंक टॉप के साथ-साथ एक शॉर्ट-स्लीव शर्ट का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

सिनर ने अपेक्षाकृत सादा रास्ता चुना है। दिन के मुकाबलों के लिए यूनिवर्सिटी गोल्ड रंग की कॉलर वाली शर्ट और नाइकी कोर्ट शॉर्ट्स, जबकि रात के मैचों के लिए डार्क मस्टर्ड रंग की किट पहनने की संभावना है।






