Allहॉकी

HIL: रांची रॉयल्स को हराकर कलिंगा लांसर्स ने जीती ट्रॉफी, हेंड्रिक्स बने जीत के हीरो

Kalinga Lancers Wins HIL Trophy : दुनिया के शीर्ष ड्रैग-फ्लिकरों में शुमार अलेक्जेंडर हेंड्रिक्स के शानदार प्रदर्शन की बदौलत कलिंगा लांसर्स ने सोमवार को भुवनेश्वर में खेले गए हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में लांसर्स ने रोमांचक संघर्ष में रांची रॉयल्स को 3-2 से हराकर घरेलू दर्शकों को जश्न मनाने का मौका दिया।

हेंड्रिक्स ने न सिर्फ चौथे और 27वें मिनट में दो अहम गोल दागे, बल्कि दिलप्रीत सिंह के 25वें मिनट में किए गए गोल की नींव भी उन्होंने ही रखी। रांची रॉयल्स की ओर से अराइजीत सिंह हुंडाल (9वां मिनट) और टॉम बून (59वां मिनट) ने गोल किए, लेकिन उनकी कोशिशें टीम को खिताब दिलाने के लिए नाकाफी रहीं। मैच की शुरुआत से ही कलिंगा लांसर्स ने आक्रामक तेवर दिखाए।

घरेलू समर्थकों के शोर के बीच हेंड्रिक्स ने चौथे मिनट में पेनल्टी कॉर्नर से जोरदार ड्रैग-फ्लिक जमाकर टीम को बढ़त दिलाई। गोलकीपर गेंद को छूने के बावजूद उसे रोक नहीं सके। इसके तुरंत बाद रांची को बराबरी का मौका मिला, लेकिन सैम लेन का पेनल्टी कॉर्नर निशाने पर नहीं लगा।

रांची ने नौवें मिनट में शानदार वापसी की। यशदीप के लंबे पास को अराइजीत हुंडाल ने बेहतरीन नियंत्रण में लेते हुए हाफ-वॉली पर दमदार शॉट जमाया और गोलकीपर कृष्ण पाठक को छकाकर स्कोर 1-1 कर दिया। दूसरे क्वार्टर में हेंड्रिक्स फिर छाए रहे। उनके ड्रैग-फ्लिक को भले ही बचा लिया गया, लेकिन दिलप्रीत सिंह ने तेजी से रिबाउंड पर गोल कर लांसर्स को फिर आगे कर दिया। इसके कुछ ही मिनट बाद हेंड्रिक्स ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर बढ़त 3-1 कर दी।

तीसरे क्वार्टर में रांची रॉयल्स ने दबाव बनाया और गोल करने की कोशिशें तेज कीं, लेकिन लांसर्स की मजबूत रक्षा दीवार बनकर खड़ी रही। टॉम बून के पेनल्टी कॉर्नर को रशर कूपर बर्न्स ने शानदार तरीके से रोक दिया। मैच के अंतिम 90 सेकंड में बून ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल कर अंतर कम जरूर किया, लेकिन समय की कमी के कारण रांची बराबरी नहीं कर सकी और खिताब कलिंगा लांसर्स की झोली में चला गया।

इससे पहले तीसरे स्थान के मुकाबले में हैदराबाद तूफान्स ने एचआईएल जीसी को 4-3 से हराया।

Related Articles

Back to top button