Allक्रिकेट
Trending

Historic: हरमनप्रीत कौर की टीम ने रच दिया इतिहास, ऑस्ट्रेलिया में 10 साल बाद जीती सीरीज

भारतीय महिला टीम ने तीसरे टी20 में 17 रन से दर्ज की जीत,ऑस्ट्रेलिया में 2-1 से जीती ऐतिहासिक टी20 सीरीज

India W vs Australia W : स्मृति मंधाना और जेमिमा रोड्रिग्स की शानदार शतकीय साझेदारी की बदौलत भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया को तीसरे और अंतिम टी20 मुकाबले में 17 रन से हराकर टी20 द्विपक्षीय सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। 10 साल बाद भारत ने ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में हराकर टी20 सीरीज जीती है। इससे पहले मिताली राज की कप्तानी में भारत सीरीज जीता था।

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने छह विकेट पर 176 रन बनाए। मंधाना ने 55 गेंदों पर 82 रन (8 चौके, 3 छक्के) की विस्फोटक पारी खेली, जबकि रोड्रिग्स ने 46 गेंदों में 59 रन बनाए। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 121 रन की मजबूत साझेदारी हुई, जिसने भारत को मजबूत आधार दिया। पावरप्ले के अंत तक भारत का स्कोर एक विकेट पर 54 रन था। मंधाना ने 38 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना 33वां अर्धशतक दर्ज किया। हालांकि 17वें ओवर में वह आउट हो गईं, लेकिन तब तक भारत मजबूत स्थिति में पहुंच चुका था। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने ऋचा घोष को ऊपर भेजा, जिन्होंने 7 गेंदों पर 18 रन बनाकर टीम को तेज अंत दिलाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती झटके दिए। श्रेयंका पाटिल (3/22) और रेणुका सिंह (1/29) ने टॉप ऑर्डर को ध्वस्त कर ऑस्ट्रेलिया को 32/3 पर ला दिया। युवा स्पिनर श्री चरणी (3/32) ने भी अहम विकेट लेकर मैच भारत की झोली में डाल दिया। एश्ले गार्डनर (57) ने संघर्ष किया, लेकिन अरुंधति रेड्डी ने 16वें ओवर में उनका विकेट लेकर मुकाबला पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया। अंततः ऑस्ट्रेलिया 159 पर सिमट गई और भारत ने सीरीज 2-1 से जीत ली।

यह जीत भारतीय महिला क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक मील का पत्थर है, जिसने विदेशी धरती पर ऑस्ट्रेलिया को हराकर अपनी ताकत का लोहा मनवाया।

Related Articles

Back to top button