Bundesliga : इंग्लैंड के स्टार स्ट्राइकर हैरी केन ने शनिवार को अपने शानदार करियर में एक और ऐतिहासिक मुकाम हासिल करते हुए 500 गोल पूरे कर लिए। केन ने बुंडेसलिगा मुकाबले में वेर्डर ब्रेमेन के खिलाफ दो गोल दागे, जिसकी बदौलत बायर्न म्यूनिख ने 3-0 से जीत दर्ज कर अंकतालिका में अपनी छह अंकों की बढ़त बरकरार रखी।
केन का एक गोल पेनल्टी से आया, जो उनके करियर का 100वां पेनल्टी गोल था। इस उपलब्धि ने उनके निरंतर प्रदर्शन और गोल करने की अद्भुत क्षमता को फिर से साबित किया। 32 वर्षीय फॉरवर्ड ने 743 मैचों में 500 गोल का आंकड़ा छुआ, जो उनकी निरंतरता और फिटनेस का प्रमाण है। मैच के बाद केन ने कहा, 500 गोल तक पहुंचना मेरे लिए गर्व का क्षण है। इसके पीछे वर्षों की मेहनत, समर्पण और त्याग है। लेकिन फुटबॉल में अगला मैच हमेशा सबसे महत्वपूर्ण होता है।
केन ने अपने करियर का पहला गोल जनवरी 2011 में 17 साल की उम्र में इंग्लैंड के तीसरे डिवीजन क्लब लेटन ओरिएंट के लिए शेफील्ड वेडनेसडे के खिलाफ किया था। तब से लेकर अब तक उन्होंने क्लब और देश के लिए लगातार शानदार प्रदर्शन किया है।
इंग्लैंड की राष्ट्रीय टीम के लिए केन ने 112 मुकाबलों में 78 गोल किए हैं और वह टीम के सबसे सफल गोलस्कोररों में शामिल हैं। क्लब स्तर पर टॉटेनहैम हॉटस्पर और अब बायर्न म्यूनिख के लिए उनका योगदान बेहद अहम रहा है। बायर्न के लिए इस सीजन में भी केन का प्रदर्शन निर्णायक रहा है और उनकी फॉर्म टीम की खिताबी दौड़ में बड़ी ताकत साबित हो रही है।






