Pybus to Coach Afghanistan: जोनाथन ट्रॉट की जगह लेंगे रिचर्ड पायबस, बने अफगानिस्तान के नए कोच
पायबस 2013 से 2019 तक वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के साथ मुख्य कोच, क्रिकेट निदेशक और हाई-परफॉर्मेंस प्रमुख के रूप में जुड़े रहे। उनके कार्यकाल में 2016 में वेस्टइंडीज ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की, जब पुरुष, महिला और अंडर-19 तीनों टीमों ने एक ही वर्ष में आईसीसी विश्व कप खिताब अपने नाम किए।
इंग्लैंड में जन्मे अनुभवी कोच रिचर्ड पायबस को अफगानिस्तान क्रिकेट टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। वह जोनाथन ट्रॉट की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल मौजूदा टी20 विश्व कप में टीम के बाहर होने के साथ समाप्त हो गया। पायबस अगले महीने यूएई में श्रीलंका के खिलाफ खेली जाने वाली सीमित ओवरों की सीरीज से पहले टीम से जुड़ जाएंगे।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने आधिकारिक बयान में कहा कि बोर्ड को रिचर्ड पायबस की नियुक्ति की घोषणा करते हुए प्रसन्नता है। वह मार्च में श्रीलंका के खिलाफ होने वाली आगामी श्रृंखला से पहले ‘अफगानअटलान’ टीम के साथ अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।
हालांकि खिलाड़ी के रूप में उनका करियर चोटों से प्रभावित रहा, लेकिन कोचिंग के क्षेत्र में उन्होंने शानदार उपलब्धियां हासिल की हैं। पायबस तीन बार विश्व कप जीतने वाली टीमों के साथ मुख्य कोच और क्रिकेट निदेशक की भूमिका निभा चुके हैं। उनके पास अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक अनुभव है और हाई-परफॉर्मेंस सिस्टम विकसित करने में उनकी विशेष पहचान रही है।
वह 2013 से 2019 तक वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के साथ मुख्य कोच, क्रिकेट निदेशक और हाई-परफॉर्मेंस प्रमुख के रूप में जुड़े रहे। उनके कार्यकाल में 2016 में वेस्टइंडीज ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की, जब पुरुष, महिला और अंडर-19 तीनों टीमों ने एक ही वर्ष में आईसीसी विश्व कप खिताब अपने नाम किए।
इसके अलावा, पायबस ने इससे पहले पाकिस्तान टीम के साथ भी काम किया और 1999 आईसीसी क्रिकेट विश्व कप में टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई, जहां पाकिस्तान उपविजेता रहा। अब अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड को उम्मीद है कि पायबस के अनुभव और रणनीतिक दृष्टिकोण से टीम को नई दिशा मिलेगी और वह आगामी अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों में बेहतर प्रदर्शन कर सकेगी।





