अन्य खेल

Global Chess League 2025: ग्लोबल चेस लीग: होउ यीफान के तूफान में उड़े प्रतिद्वंद्वी, पाइपर्स दूसरे स्थान पर, त्रिवेणी किंग्स फाइनल में

Global Chess League 2025: ग्लोबल चेस लीग के मैचडे पर अल्पाइन एसजी पाइपर्स के लिए होउ यीफान ‘संकटमोचक’ बनकर उभरीं। रविवार को खेल शुरू होने से पहले पाइपर्स पांचवें स्थान पर थे और फाइनल की उम्मीदें बनाए रखने के लिए उन्हें हर हाल में जीत की दरकार थी। यीफान ने पहले अपग्रैड मुंबई मास्टर्स की कोनेरु हम्पी को मात दी और फिर फायर्स अमेरिकन गैम्बिट्स की बिबिसारा असाउबायेवा को टूर्नामेंट की पहली शिकस्त थमाई।

काले मोहरों से उनकी इन जीतों ने टीम को बेशकीमती 4-4 गेम अंक दिलाए, जिससे पाइपर्स दोनों मैच 8-7 के करीबी अंतर से जीतने में सफल रहे। यीफान के इस रणनीतिक खेल की बदौलत पाइपर्स अब 15 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर हैं।

त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स की ‘हैट्रिक’

डिफेंडिंग चैंपियन त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स ने एक बार फिर साबित किया कि वे फाइनल के असली दावेदार क्यों हैं। उन्होंने गंगेज़ ग्रैंडमास्टर्स को 14-5 से रौंदकर फाइनल का टिकट कटा लिया। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अलीरेज़ा फ़िरोज़जा ने आइकॉन बोर्ड पर दिग्गज विश्वनाथन आनंदको एक शानदार क्वीन बलिदान के साथ हराया। महिला खिलाड़ियों झू जिनर और अलेक्ज़ान्द्रा कोस्तेन्युक की जीत ने किंग्स की स्थिति को और मजबूत कर दिया। किंग्स अब 21 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर हैं।

दूसरे फाइनल स्पॉट के लिए मचेगी होड़

लीग का रोमांच अब अपने चरम पर है क्योंकि दूसरे फाइनल स्थान के लिए अब तीन टीमों के बीच कड़ी टक्कर है:

  • अल्पाइन एसजी पाइपर्स: 15 अंकों के साथ मजबूत स्थिति में।
  • मुंबई मास्टर्स: इन्हें न केवल जीतना होगा, बल्कि पाइपर्स की हार की दुआ भी करनी होगी।
  • गंगेज़ ग्रैंडमास्टर्स: इनके पास बहुत कम मौका है, लेकिन बड़ी जीत समीकरण बदल सकती है।

फायर्स अमेरिकन गैम्बिट्स की उम्मीदों को तब बड़ा झटका लगा जब वे पीबीजी अलास्कन नाइट्स से 8-10 से हार गए, हालांकि उनके खिलाड़ी मैक्सिम वाशिए-लाग्रेव ने विश्व चैंपियन डी गुकेश को हराकर सबको चौंका दिया। सोमवार का दिन तय करेगा कि फाइनल में त्रिवेणी किंग्स का सामना किससे होगा।

Related Articles

Back to top button