Rohit Sharma Emotional Speech: 19 नवंबर 2023 की वह काली रात आज भी हर भारतीय क्रिकेट प्रशंसक के जहन में ताजा है। लेकिन उस हार ने कप्तान रोहित शर्मा को किस कदर प्रभावित किया था, इसका खुलासा उन्होंने अब किया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ छह विकेट से मिली हार के बाद रोहित पहली बार इतने भावुक नजर आए।
रोहित ने एक कार्यक्रम में कहा कि सच कहूं तो उस हार के बाद मैं पूरी तरह टूट चुका था। मेरे अंदर बिल्कुल भी ऊर्जा नहीं बची थी। मुझे वापस सामान्य होने और पटरी पर आने में कुछ महीने लग गए।”
कप्तानी और एकमात्र लक्ष्य
रोहित शर्मा ने खुलासा किया कि भारत की कप्तानी संभालने के बाद से उनका केवल एक ही सपना था भारत के लिए विश्व कप जीतना। उन्होंने इस टूर्नामेंट के लिए अपना सब कुछ दांव पर लगा दिया था। रोहित ने कहा कि अहमदाबाद में हार के बाद मुझे लगा कि मैं अब यह खेल खेलना ही नहीं चाहता। जब आप किसी चीज़ के लिए अपना सर्वस्व झोंक देते हैं और वह हाथ से निकल जाती है, तो उसे स्वीकार करना बहुत मुश्किल होता है।
हार से मिला बड़ा सबक
रोहित ने न केवल अपनी निराशा साझा की, बल्कि यह भी बताया कि उन्होंने इस मानसिक स्थिति से कैसे वापसी की। उन्होंने कहा कि समय के साथ उन्हें यह एहसास हुआ कि जिंदगी वहीं खत्म नहीं हो जाती।
रोहित ने कहा कि यह मेरे लिए एक बड़ा सबक था कि निराशा से कैसे निपटना है। मैंने तय किया कि मुझे खुद को ‘रीसेट’ करना होगा और फिर से नई शुरुआत करनी होगी। उनके इस बयान ने यह साबित कर दिया कि एक महान खिलाड़ी वही है जो हार के मलबे से उठकर फिर से खड़ा होने का जज्बा रखता है।





