
National Senior Boxing Championship: ग्रेटर नोएडा में जारी राष्ट्रीय सीनियर मुक्केबाजी चैंपियनशिप के दूसरे दिन सोमवार को कई बड़े नामों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए अपने अभियान की विजयी शुरुआत की। पुरुष वर्ग में मौजूदा चैंपियन अभिनाश जामवाल ने अनुभवी शिव थापा को हराकर अपने खिताब बचाव की मजबूत नींव रखी, जबकि महिला वर्ग में निकहत जरीन, लवलीना बोरगोहेन और मीनाक्षी ने भी आसान जीत दर्ज की।
23 वर्षीय जामवाल ने असम के शिव थापा को सर्वसम्मत फैसले से मात दी। मुकाबले के दौरान जामवाल की बढ़ती परिपक्वता और अंतरराष्ट्रीय अनुभव साफ नजर आया। उन्होंने पूरे धैर्य के साथ रक्षात्मक खेल दिखाया और अपनी लंबी पहुंच का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए मुकाबले पर लगातार पकड़ बनाए रखी।महिला वर्ग में मौजूदा विश्व चैंपियन मीनाक्षी, दो बार की विश्व चैंपियन निकहत जरीन और टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन ने भी शानदार अंदाज में अगले दौर में प्रवेश किया।
पहले दिन मुकाबला नहीं खेलने के बाद मीनाक्षी (48 किग्रा) और लवलीना (75 किग्रा) दूसरे दिन रिंग में उतरीं और दोनों ने अपने-अपने मुकाबले 5-0 से जीत लिए। मीनाक्षी ने तमिलनाडु की वी लक्ष्या एस विजयन को पराजित किया, जबकि लवलीना ने कृष्णा वर्मा को बिना ज्यादा परेशानी के हराया।
तेलंगाना की ओर से खेल रहीं निकहत जरीन ने चंडीगढ़ की निधि को 5-0 से हराया, हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि उनके प्रदर्शन में अभी और सुधार की गुंजाइश है। इसके अलावा प्रीति पवार (54 किग्रा), हितेश गुलिया (70 किग्रा), पवन बर्तवाल (55 किग्रा), अंकुश पंघाल (80 किग्रा) और जुगनू अहलावत (85 किग्रा) भी अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में पहुंच गए।
वहीं, दिन की सबसे बड़ी निराशा 80 किग्रा वर्ग में देखने को मिली, जहां एशियाई चैंपियनशिप के पूर्व रजत पदक विजेता और ओलंपियन आशीष कुमार चौधरी को पहले ही दौर में डिस्क्वालीफाई कर दिया गया। रेफरी के अनुसार, आशीष ने हरियाणा के रूपेश पर जानबूझकर सिर से वार किया, जिसके चलते उन्हें प्रतियोगिता से बाहर कर दिया गया।





