Formula -1 : होंडा ने 2026 फॉर्मूला-1 पावर यूनिट की पहली झलक दिखाई, एस्टन मार्टिन के साथ नई शुरुआत
Honda Racing reveals new power unit: जापानी वाहन निर्माता होंडा ने अपने 2026 फॉर्मूला-1 पावर यूनिट की पहली झलक साझा की है, जिसे विशेष रूप से एस्टन मार्टिन की एफ1 टीम के लिए तैयार किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर जारी तस्वीर और वीडियो में पावर यूनिट की नजदीकी झलक और उसका सिलुएट दिखाया गया है, जिसे देखकर फैंस काफी उत्साहित नजर आए।

एक प्रशंसक ने लिखा, “बस इस साल फर्नांडो अलोंसो को एक प्रतिस्पर्धी कार दे दीजिए ताकि वह पोडियम पर पहुंच सकें।” वहीं दूसरे फैन ने होंडा की विरासत को याद करते हुए कहा, “दुनिया में होंडा जैसी कोई फैक्ट्री नहीं। कार और मोटरसाइकिल रेसिंग दोनों में इसका इतिहास शानदार रहा है।”
होंडा 20 जनवरी को एक विशेष कार्यक्रम में 2026 पावर यूनिट का आधिकारिक अनावरण करेगी, जबकि एस्टन मार्टिन अपनी एफ1 कार 9 फरवरी को लॉन्च करेगा।
2026 से फॉर्मूला-1 के नए नियम लागू होंगे, जिनके तहत पावर यूनिट में 50:50 का अनुपात होगा — यानी आधी ताकत इंटरनल कंबशन इंजन से और आधी इलेक्ट्रिक पावर से आएगी। इस बदलाव को लेकर होंडा रेसिंग कॉरपोरेशन (HRC) के अध्यक्ष कोजी वतनाबे ने बताया कि अब ऊर्जा के उत्पादन, भंडारण और उपयोग की दक्षता को और बेहतर बनाना होगा।
उन्होंने कहा, “हमें यह तय करना होगा कि ऊर्जा कहां और कितनी इस्तेमाल की जाए। एक ही सर्किट पर हजारों तरह के ऊर्जा उपयोग पैटर्न होते हैं।” इसके लिए होंडा ने अपने स्तर पर विशेष सॉफ्टवेयर विकसित किया है, जो पावर यूनिट से आने वाले 20,000 से अधिक डेटा पैरामीटर्स को मैनेज करता है।
होंडा और एस्टन मार्टिन की यह नई साझेदारी 2026 सीजन में टीम को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है, खासकर फर्नांडो अलोंसो जैसे अनुभवी ड्राइवर के लिए।




