
इंग्लैंड के दिग्गज फुटबॉल क्लब मैनचेस्टर युनाइटेड ने सीजन के अंत तक के लिए अंतरिम मुख्य कोच की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज कर दी है। इस कड़ी में क्लब ने अपने पूर्व खिलाड़ियों ओले गनर सोल्सकजेर और माइकल कैरिक से संपर्क किया है। एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, सूत्र ने बताया कि यह प्रक्रिया अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
युनाइटेड प्रबंधन ने सोमवार को मुख्य कोच रूबेन अमोरिम को बर्खास्त कर दिया था और अब क्लब गर्मियों में स्थायी नियुक्ति से पहले एक अल्पकालिक समाधान तलाश रहा है।
हालांकि, इन नामों में सबसे मजबूत दावेदार शोलशार माने जा रहे हैं। उन्होंने 2018 से 2021 तक मैनचेस्टर युनाइटेड का प्रबंधन किया था और 2021 में टीम को प्रीमियर लीग में दूसरे स्थान तक पहुंचाया था। उसी सीजन में उनकी टीम यूरोपा लीग के फाइनल तक भी पहुंची थी। शोलशार क्लब के लिए 1999 चैंपियंस लीग फाइनल में विजयी गोल दागने के कारण भी एक आइकॉन माने जाते हैं।
माइकल कैरिक ने खिलाड़ी के रूप में संन्यास लेने के बाद यूनाइटेड के कोचिंग स्टाफ में काम किया और शोलाशार के जाने के बाद कुछ समय के लिए कार्यवाहक कोच भी रहे। बाद में उन्होंने 2022 से 2025 तक मिडल्सब्रो का सफलतापूर्वक मार्गदर्शन किया और एक उभरते हुए कोच के रूप में पहचान बनाई।
इसके अलावा, पूर्व स्ट्राइकर और कोच रूड वैन निस्टलरॉय का नाम भी विकल्प के तौर पर चर्चा में है। वहीं स्थायी कोच के लिए क्रिस्टल पैलेस के ओलिवर ग्लासनर, फुलहम के मार्को सिल्वा और मार्से के रॉबर्टो डी ज़र्बी के नामों पर भी अटकलें हैं।
यूनाइटेड प्रबंधन का मानना है कि सीजन के अंत तक इंतजार करने से उन्हें स्थायी कोच के लिए बेहतर विकल्प मिल सकेंगे और टीम की चैंपियंस लीग क्वालीफिकेशन की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।






