
Ashes Impact: ऑस्ट्रेलिया में निराशाजनक एशेज (Ashes)अभियान के बाद इंग्लैंड के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम (Brenden mccullam)पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। 11 दिनों के भीतर ही एशेज गंवाने और दो टेस्ट बाकी रहते हुए 0-3 से पिछड़ जाने के बाद टीम के नेतृत्व को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इसी कड़ी में इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर मोंटी पनेसर (Monty Panesar) ने टीम प्रबंधन को एक वैकल्पिक सुझाव दिया है और कोचिंग पद के लिए रवि शास्त्री (Ravi Shastri) का नाम आगे बढ़ाया है।
एक यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान पनेसर ने कहा कि इंग्लैंड को ऐसे कोच की जरूरत है जो ऑस्ट्रेलिया को उसकी ही परिस्थितियों में मात देने का अनुभव और मानसिकता रखता हो। उनके अनुसार, केवल तकनीकी कौशल ही नहीं, बल्कि रणनीतिक समझ और मानसिक बढ़त भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सफलता की कुंजी होती है। पनेसर ने कहा, “सबसे पहले यह सोचना होगा कि ऑस्ट्रेलिया को हराने का तरीका किसे सबसे बेहतर पता है। उनकी मानसिक, शारीरिक और रणनीतिक कमजोरियों का फायदा कैसे उठाया जाए—मुझे लगता है कि यह काम रवि शास्त्री बखूबी कर सकते हैं। इसलिए वह इंग्लैंड के लिए उपयुक्त मुख्य कोच साबित हो सकते हैं।”
पनेसर की यह राय शास्त्री के बतौर कोच रिकॉर्ड पर आधारित है। शास्त्री के नेतृत्व में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया में लगातार दो बार बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी अपने नाम की। 2018-19 की ऐतिहासिक जीत के बाद 2020-21 की सीरीज जीत और भी खास रही, जब भारत एडिलेड टेस्ट में 36 रन पर ऑल आउट होने के बावजूद और कई प्रमुख खिलाड़ियों के चोटिल होने के बावजूद सीरीज जीतने में सफल रहा।
उधर, मैकुलम को 2021-22 में एशेज में 4-0 से हार के बाद इंग्लैंड का मुख्य कोच बनाया गया था। कप्तान बेन स्टोक्स के साथ मिलकर उन्होंने टेस्ट टीम में बड़े बदलाव किए और ‘बैजबॉल’ की शुरुआत की। शुरुआती दौर में इसका असर दिखा और इंग्लैंड ने अपने पहले 11 में से 10 टेस्ट जीते। हालांकि वह लय ज्यादा समय तक कायम नहीं रह सकी। इसके बाद इंग्लैंड ने अगले 33 टेस्ट में से 16 गंवाए हैं और अब तक ऑस्ट्रेलिया या भारत के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज जीतने में नाकाम रहा है।





