
NEP vs SCO: टी20 विश्व कप के ग्रुप सी मुकाबले में नेपाल ने 12 साल के लंबे इंतजार को खत्म करते हुए स्कॉटलैंड को सात विकेट से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में कुशल भुर्तेल की आक्रामक शुरुआत और दीपेंद्र सिंह एरी की नाबाद अर्धशतकीय पारी ने नेपाल को यादगार जीत दिलाई।
नेपाल ने 2014 में अफगानिस्तान और नीदरलैंड्स को हराने के बाद पहली बार टी20 विश्व कप में जीत का स्वाद चखा। 171 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नेपाल ने 19.2 ओवर में तीन विकेट खोकर 171 रन बना लिए। एरी ने 23 गेंदों में नाबाद 50 रन की तेज पारी खेली, जिसमें तीन छक्के और चार चौके शामिल थे। उनके साथ गुलशन झा (24 नाबाद) ने भी अहम भूमिका निभाई। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 73 रन की अटूट साझेदारी हुई, जिसने मैच नेपाल के पक्ष में कर दिया।
इससे पहले भुर्तेल (43) ने 35 गेंदों में चार छक्कों और एक चौके की मदद से टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। हालांकि स्कॉटलैंड के माइकल लीस्क (3/30) ने बीच के ओवरों में दबाव बनाया और नेपाल के तीन विकेट झटके, लेकिन एरी ने 16वें ओवर में 20 रन बटोरकर मुकाबले का रुख बदल दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कॉटलैंड ने माइकल जोन्स की 45 गेंदों में 71 रन की दमदार पारी की बदौलत सात विकेट पर 170 रन बनाए। जोन्स ने आठ चौके और तीन छक्के लगाए। जॉर्ज मुंसी (27) ने उनका साथ दिया और पहले विकेट के लिए 80 रन जोड़े। हालांकि मध्यक्रम बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सका। नेपाल के सोमपाल कामी (3/25) ने अहम विकेट लेकर स्कॉटलैंड की रफ्तार रोकी।
दोनों टीमें पहले ही सुपर आठ की दौड़ से बाहर हो चुकी थीं, लेकिन नेपाल ने इस जीत के साथ टूर्नामेंट का समापन गर्व के साथ किया। 19 हजार से अधिक दर्शकों की मौजूदगी में नेपाल की यह जीत उनके क्रिकेट इतिहास के स्वर्णिम पलों में दर्ज हो गई।





